सरकार शिक्षा संसाधनों के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है – दिनेश राय मुनमुन
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने किया बीजादेवरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण
Seoni 11 October ,2025
सिवनी यशो:- सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश राय मुनमुन ने आज ग्राम बीजादेवरी में नव-निर्मित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने फूल वर्षा व कलश स्वागत कर विधायक का भव्य अभिनंदन किया।
विधायक श्री मुनमुन ने सर्वप्रथम मां सरस्वती जी की पूजा-अर्चना कर विद्यालय भवन का शुभारंभ किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की मंशानुरूप शिक्षण सुविधाओं के विस्तार और संसाधनों के विकास हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है।
ग्रामीण अंचलों में शिक्षा सशक्त करने की दिशा में बड़ा कदम
विधायक मुनमुन ने अपने संबोधन में कहा —
“सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी वही सुविधाएँ मिलें जो शहरों में उपलब्ध हैं। नये विद्यालय भवनों का निर्माण, पुराने भवनों का जीर्णोद्धार, शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता और आवश्यक संसाधनों की पूर्ति इसी दिशा में किए जा रहे प्रयास हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि बीजादेवरी का यह सर्वसुविधायुक्त विद्यालय भवन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगा और आस-पास के गांवों के विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए सशक्त वातावरण प्रदान करेगा।
बीजादेवरी विद्यालय लोकार्पण अवसर पर जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, छात्र-छात्राएँ और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



