बस स्टैण्ड की अव्यवस्थाओं को दूर करने नपा सक्रिय
नपा कार्यालय में हुई परिवहन, पुलिस,यातायात एवं राजस्व विभाग की संयुक्त बैठक
बालाघाट यशो:- बस स्टैण्ड का कायाकल्प करने के लिये नगर पालिका द्वारा जिला प्रशासन के साथ प्लान तैयार किया गया है, जिसमें बसों के खड़े रहने मार्किंग एवं पार्किंग स्थल का चिन्हांकन के साथ ही रूट भी तय किये गये है किंतु देखने में आ रहा है कि नियमों का पालन नहीं हो पा रहा है और बस स्टैण्ड परिसर में सुविधाएं देने के बाद भी अव्यवस्थाएं पनप रही है ऐसे में अब सभी पहलूओं पर गौर करते हुए सख्ती से कार्यवाही करने की तैयारी कर ली गई है। 5 नवंबर को नगरपालिका परिषद कार्यालय में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जिला परिवहन तथा यातायात व पुलिस विभाग के साथ ही नपा राजस्व अमले की संयुक्त बैठक आहूत की गई जिसमें आगामी कार्ययोजना को प्रभावी किये जाने पर विचार-विमर्श किया गया।
बस स्टैण्ड को नपा ने किया है व्यवस्थित बैठक में अधिकारियों को बताया गया कि नगर पालिका परिषद द्वारा बस स्टैण्ड में व्यवस्थाएं बनाई गई है जिसका सुचारू ढंग से संचालन बस मालिकों द्वारा नहीं किया जा रहा है। इसमें बसों का रूट निर्धारण, मार्किंग एवं पार्किंग की व्यवस्था की गई है देखने में आ रहा है कि बसों को बेतरतीब ढंग से लगाया जा रहा है वहीं तय समय से अधिक देर तक बसें स्टैंड में ही खड़ी रहती हैं जिससे प्लान के अनुरूप कार्य नहीं हो पा रहा है। नपा इंजीनियर्स ने बताया कि यहां साईन बोर्ड लगाये गये है प्रकाश व्यवस्था दुरूस्त की गई है, क्षतिग्रस्त यात्री प्रतिक्षालय को ठीक किया गया है, पेयजल के साथ ही अन्य पर्याप्त बंदोबस्त किये गये है। बताया गया कि कुछ अस्थाई अतिक्रमण है जिसे हटाने की आवश्यकता है जिससे कि पार्किंग व्यवस्था ठीक हो सके साथ ही अन्य चीजों पर भी नपा कार्य करने जा रही है।
एसडीएम ने दिया अतिक्रमण दस्ता बनाने सुझाव बैठक में बालाघाट एसडीएम गोपाल सोनी ने कहा कि नगर पालिका परिषद अधिनियम अपने आप में प्रभावशील होता है तो इसके अनुरूप कार्यवाही होनी चाहिये, साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि नपा बालाघाट द्वारा अतिक्रमण हटाओ दस्ता तैयार किया जाये तो यूनिफार्म में रहे साथ ही जिन स्थलों से अतिक्रमण हटाया जाता है उसकी पर्याप्त निगरानी बरती जाये। इसके साथ ही स्वीमिंग पुल निर्माण भूमि सीमांकन, नेहरा तालाब को संरक्षित करने सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। बस मालिकों से की जायेगी चर्चा-आरटीओ बैठक में जिला परिवहन अधिकारी अनिमेष गढ़पाल ने कहा कि बस मालिकों द्वारा नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है तो इस संबंध में बस मालिकों पर चर्चा की जायेगी और नपा की योजना अनुरूप कार्य करने को कहा जायेगा।
उन्होंने बताया कि नियमानुसार नपा ने जो भी रात्रि विश्राम दरें तय की है उसमें 50 रूपये लिये जाने का उल्लेख है जिसे लेकर भी बस मालिकों को अवगत कराया जायेगा। बैठक में यातायात विभाग द्वारा कहा गया कि नियत स्थान के अतिरिक्त कहीं भी बसें खड़ी नजर आती है तो उनपर चालानी कार्यवाही की जायेगी साथ ही शहर में अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्यवाही होगी। व्यवस्थाओं में लापरवाही अब नहीं होगी बर्दाश्त-नपाध्यक्ष नगर पालिका परिषद बालाघाट अध्यक्ष भारती सुरजीतसिंह ठाकुर ने बैठक में कहा कि संयुक्त रूप से हम कार्यवाही करने की कार्ययोजना पर काम करेंगे, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही कर्मचारियों द्वारा ना बरती जाये, साथ ही बस स्टैण्ड में निगरानी समिति के द्वारा सुचारू संचालन का काम किया जायेगा और बस मालिकों से भी सहयोग किये जाने की अपेक्षा जताई गई है उन्होंने कहा कि शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही अब तेज की जायेगी, मार्ग में जहां-तहां अतिक्रमण से रास्ते सकरे हो गये है और यातायात समस्या खड़ी हो जाती है।
नपाध्यक्ष ने बताया कि बैठक में एसडीएम तथा जिला परिवहन अधिकारी द्वारा दिये गये सुझावों पर तत्काल अमल किया जायेगा जिसमें शहर को सुव्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिये हरसंभव प्रयास किये जाएंगे। साथ ही उन्होंने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि सरकारी सम्पत्ति हमारी सभी की धरोहर होती है इसिलिये किसी भी सरकारी सम्पत्ति को नुक़सान ना पहुँचायें साथ ही इस तरह की गतिविधियों में कोई भी शामिल हो इसकी जानकारी आप नगर पालिका या पुलिस प्रशासन को दें सख्ती से कार्यवाही की जाएगी किसी को भी बख़्शा नहीं जायेगा । इनकी रही उपस्थिति आयोजित बैठक में नपाध्यक्ष भारती सुरजीतसिंह ठाकुर,एसडीएम बालाघाट गोपाल सोनी, आरटीओ अनिमेष गढ़पाल,, यातायात सहायक उपनिरीक्षक गणेश राऊत, नपा उपाध्यक्ष योगेश बिसेन, सभापति वकील वाधवा, समीर जायसवाल, योगिता बोपचे, संगिता थापा, संगीता कावरे, उज्जवल आमाडारे, नपा इंजीनियर्स, अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही।






