क्राइमछिंदवाड़ामध्यप्रदेश
15 लाख की धोखाधड़ी करने वाला फाइनेंस कंपनी का एजेंट गिरफ्तार
Chhindwara 07 June 2025
छिंदवाड़ा यशो:- हिंदुजा फाइनेंस लिमिटेड कंपनी के ब्रांच में कार्यरत कलेक्शन एक्जीक्यूटिव रितिक कोसे को लगभग 14.64 लाख की धोखाधड़ी के आरोप में कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ग्राहकों से वाहन ऋण की किस्त वसूल कर उन्हें फर्जी रसीदें प्रदान करता था और राशि अपने व्यक्तिगत उपयोग में लेता था।
पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता और नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी आशीष कुमार की टीम ने यह कार्रवाई की।
ब्रांच मैनेजर आशीष पांडेय द्वारा दिए गए लिखित आवेदन पर जांच के बाद, यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने ?14,64,387 की रकम गबन की है। इसके आधार पर अपराध क्रमांक 341/2025 धारा 316(5), 318(4), 338, 336(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपी रितिक कोसे (उम्र 23, निवासी दुनावा, बैतूल) ने स्वीकार किया कि उसने अपने निजी उपयोग और इलाज हेतु पैसों की आवश्यकता के कारण यह धोखाधड़ी की थी। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आशीष कुमार, उपनिरीक्षक नारायण सिंह बघेल, प्रआर. युवराज रघुवंशी, आर. राकेश बघेल और आर. वीरेंद्र सनोडिया की अहम भूमिका रही।





