गड्ढों में समाया खापा-भीमगढ़ मार्ग! ग्रामीणों ने जनसुनवाई में दी आवाज
बोले, “अब नहीं सहेंगे सड़क की यह दुर्दशा”
Seoni 06 November 2025 सिवनी यशो:-विकासखण्ड छपारा के ग्रामीणों ने खापा से भीमगढ़ कॉलोनी मार्ग की खराब हालत को लेकर जिला कलेक्टर को जनसुनवाई आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सड़क सुधार कार्य नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
50 साल पुरानी सड़क, अब बन गई जानलेवा!
ग्रामीणों ने बताया कि संजय सरोवर जलाशय से जुड़ा यह मार्ग लगभग 50 वर्ष पूर्व सिंचाई विभाग द्वारा बनाया गया था। यह मार्ग खापा से अपर बैनगंगा कॉलोनी होते हुए छपारा और सिवनी को जोड़ता है। क्षेत्र के लगभग 40 गाँव इसी सड़क से जुड़े हैं। बैनगंगा नदी पर बना भीमगढ़ पुल भी पांच वर्ष पूर्व अतिवृष्टि में बह गया, जिसके बाद यह सड़क ही ग्रामीणों का एकमात्र संपर्क मार्ग बचा है। आज इस मार्ग की हालत ऐसी है कि चार पहिया वाहन चलाना मुश्किल है और दोपहिया वाहन चालक आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं।
“गर्भवती महिलाएं तक नहीं पहुँच पा रहीं अस्पताल”
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वृद्धजन, बीमार व्यक्तियों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक पहुँचाना बेहद मुश्किल हो गया है। कई बार एम्बुलेंस भी बीच रास्ते में फंस जाती है।
“सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि बारिश में यहाँ से निकलना किसी जोखिम से कम नहीं। हम कई बार अधिकारियों को बता चुके हैं पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।” – ग्रामीण प्रतिनिधि, खापा क्षेत्र
70 प्रतिशत आबादी आदिवासी — जीवन ठप!
आवेदन में बताया गया है कि क्षेत्र की करीब 70 प्रतिशत आबादी आदिवासी समुदाय की है जो रोज़मर्रा के आवागमन के लिए साइकिल और मोटरसाइकिल पर निर्भर हैं। सड़क की बदहाली के कारण न केवल उनका आवागमन बाधित है, बल्कि बाज़ार और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच भी कठिन हो गई है।
विभागों की पल्ला झाड़ू नीति – जिम्मेदारी तय नहीं!
ग्रामीणों ने बताया कि –
जब भी वे विभागों से संपर्क करते हैं, सभी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल देते हैं।
जलसंसाधन विभाग का कहना है कि-
भीमगढ़ कॉलोनी मार्ग सुधार अब उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है।
वहीं पीएमजीएसवाई विभाग ने इसे अपने मानक क्षेत्र से बाहर बताया है।
“हमारे पास मार्ग निर्माण के लिये कोई प्रावधान नहीं है और न ही इस मद का कोई फंड है। केवल एनओसी दी जा सकती है, निर्माण लोक निर्माण विभाग को करना चाहिए।” – पी.एन. नाग, कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन विभाग (बायां तट नहर, केवलारी)
“यह मार्ग हमारे विभाग द्वारा नहीं बनाया जा सकता क्योंकि निर्धारित मापदंड में यह हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं आता।” – प्रतिभा मिश्रा, महाप्रबंधक, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सिवनी
ग्रामीणों की मांग – प्रशासन करे स्पष्ट जिम्मेदारी तय
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि –
इस मार्ग के रखरखाव और मरम्मत के लिए संबंधित विभाग की जिम्मेदारी स्पष्ट की जाए और
तत्काल सड़क सुधार कार्य प्रारंभ कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि
सड़क सुधार न होने पर वे कलेक्टर कार्यालय के समक्ष धरणा-प्रदर्शन करेंगे।
— रिपोर्ट: दैनिक यशोन्नति, सिवनी



