प्रधानपाठक निलंबित, लापरवाही पर कलेक्टर ने दिखाई सख्ती
प्रधानपाठक की अनाधिकृत अनुपस्थिति से प्रभावित हो रहा था विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य
Seoni November 13, 2025
सिवनी यशो:- जिला प्रशासन ने शैक्षणिक और निर्वाचन कार्यों में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती शीतला पटले ने शासकीय प्राथमिक शाला धारनाखुर्द के प्रभारी प्रधानपाठक दुर्गाप्रसाद निवारे को अनाधिकृत अनुपस्थिति और कार्य में लापरवाही बरतने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निरीक्षण में खुली प्रधानपाठक की पोल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान श्री निवारे बिना किसी सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि वे हर माह कई दिनों तक शाला नहीं आते,
जिससे विद्यालय का शिक्षण कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा था।
निर्वाचन कार्य भी पड़ा प्रभावित
विद्यालय में पदस्थ अन्य शिक्षक बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) के रूप में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में लगे हुए हैं।
प्रधानपाठक की लगातार अनुपस्थिति के कारण यह महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य भी अवरुद्ध हो गया था।
कलेक्टर की सख्त कार्रवाई
कलेक्टर श्रीमती पटले ने इस पूरे मामले को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।
निलंबन अवधि में श्री निवारे का मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बरघाट कार्यालय निर्धारित किया गया है।
“कर्तव्यपालन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं” – प्रशासन
जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि-
निर्वाचन प्रक्रिया और शैक्षणिक व्यवस्था में किसी भी स्तर की लापरवाही या गैरजिम्मेदारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सभी शासकीय सेवकों को समय पर उपस्थिति और सौंपे गए कार्यों का ईमानदारी से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।





