ग्राम पंचायत गोरखपुर का तोड़ा ताला, सचिव की लापरवाही से गुस्साए ग्रामीण
बरघाट जनपद पंचायत कर्मचारी ने प्रशासन के निर्देश पर खोला ताला, ग्रामीण सचिव को बर्खास्त करने पर अड़े
Seoni 27 September 2025
बरघाट (सिवनी)यशो:- जनपद पंचायत बरघाट अंतर्गत ग्राम पंचायत गोरखपुर में सचिव की लगातार अनुपस्थिति से नाराज ग्रामीणों ने पिछले दिनों पंचायत भवन पर ताला जड़ दिया था।
मामला सार्वजनिक चर्चा में आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और जनपद पंचायत के कर्मचारियों को भेजकर सचिव की उपस्थिति में पंचायत कार्यालय का ताला तोड़कर कार्यालय खोल दिया गया।
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत गोरखपुर के सचिव हेमराज राहंगडाले की लंबे समय से अनुपस्थिति को लेकर ग्रामीणों, महिलाओं, सरपंच, उपसरपंच और पंचों ने विरोध दर्ज कराते हुए कार्यालय को ताला जड़ा था।
इस दौरान ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को गांव बुलाने और सचिव को बर्खास्त करने की मांग की थी।
ग्रामीणों की मांग — सचिव को हटाओ
ग्रामीणों का कहना है कि यदि लापरवाह सचिव को बर्खास्त नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ताला तोड़ते समय मौके पर नहीं थे ग्रामीण
सूत्रों के अनुसार, पंचायत कार्यालय का ताला सचिव और जनपद पंचायत कर्मचारी ने मिलकर तोड़ा।
इस दौरान ग्राम कोटवार, पंचायत चपरासी और पटवारी मौजूद रहे, लेकिन सरपंच व ग्रामीण मौके से नदारद रहे।
ग्रामीण अब भी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और सचिव के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहते हैं।




One Comment