पेंच रिजर्व के पास रिसॉर्ट में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, संचालक सहित तीन पर मामला दर्ज

रिसॉर्ट में नाबालिग से दुष्कर्म मामला , संचालक सहित तीन पर मामला दर्ज
Seoni 19 May 2026
सिवनी यशो:-कुरई थाना क्षेत्र अंतर्गत पेंच रिजर्व के पास संचालित एक रिसॉर्ट में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में रिसॉर्ट संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कलबोड़ी क्षेत्र स्थित एक रिसॉर्ट में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस ने दबिश दी। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ के दौरान नाबालिग से दुष्कर्म किए जाने की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने संचालक सहित आरोपियों को लिया हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रिसॉर्ट संचालक सहित अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने रिसॉर्ट परिसर में मौजूद कुछ युवक-युवतियों से भी पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में दस्तावेज प्रस्तुत किए जाने और बालिग पाए जाने के बाद कुछ लोगों को छोड़ दिया गया।
ग्रामीणों में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि थाना पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित रिसॉर्ट में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही थीं।
ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा रिसॉर्ट को तत्काल सील करने की मांग उठाई।
रिसॉर्ट सील करने प्रशासन को भेजा जाएगा पत्र
एसडीओपी ने बताया कि मामले में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। साथ ही रिसॉर्ट को सील करने की कार्रवाई हेतु प्रशासन को पत्र भेजा जाएगा।
पुलिस की अपील
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि मामले को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या अफवाहें सोशल मीडिया पर साझा न करें तथा जांच पूरी होने तक प्रशासन का सहयोग करें।
रिपोर्ट | दैनिक यशोन्नति



