सिवनीमध्यप्रदेश

तेंदूपत्ता तोड़ने गए युवक पर बाघ का हमला, मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश

चमरवाही जंगल में दर्दनाक घटना, ग्रामीणों ने आदमखोर बाघ के रेस्क्यू और 25 लाख मुआवजे की मांग की

सिवनी में बाघ का हमला: तेंदूपत्ता तोड़ रहे युवक की मौत, ग्रामीणों ने 25 लाख मुआवजे की मांग की

Seoni 19 May 2026
बहरई/बरघाट – सिवनी यशो:-सिवनी जिले के बरघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत चमरवाही गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मंगलवार 19 मई 2026 की सुबह तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गए युवक पर बाघ ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चमरवाही निवासी इंद्र कुमार परतें (लगभग 40 वर्ष) मंगलवार सुबह अपने परिजनों के साथ जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गया था। इसी दौरान वह परिजनों से कुछ दूरी पर तेंदूपत्ता तोड़ रहा था, तभी झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक हमला कर दिया।

बाघ युवक को घसीटकर ले गया

बताया जा रहा है कि बाघ युवक को हमला करने के बाद कुछ दूरी तक घसीटकर ले गया और शव के निचले हिस्से को खा लिया। जब काफी देर तक युवक वापस नहीं लौटा तो परिजन उसे जंगल में तलाशने लगे। तलाश के दौरान कुछ दूरी पर युवक का शव पड़ा मिला।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वन विभाग को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची वन एवं पुलिस टीम

ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मौका पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए लालबर्रा अस्पताल भेजा।

वन विभाग द्वारा मृतक के अंतिम संस्कार हेतु तत्काल नगद सहायता राशि परिजनों को उपलब्ध कराई गई है। अधिकारियों ने शेष सहायता राशि शीघ्र प्रदान करने का आश्वासन भी दिया।

ग्रामीणों में भारी आक्रोश

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में सक्रिय आदमखोर बाघ का तत्काल रेस्क्यू कर उसे दूर जंगल में छोड़ा जाए।

इसके साथ ही ग्रामीणों ने मृतक परिवार के लिए:

  • वन विभाग में एक सदस्य को नौकरी
  • 25 लाख रुपए मुआवजा सहायता राशि

दिए जाने की मांग भी उठाई है।

वन विभाग की अपील

वन विभाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि फिलहाल ग्रामीण जंगल की ओर जाने से बचें और सतर्कता बरतें।

रिपोर्ट | दैनिक यशोन्नति

https://mediawala.in/a-tiger-attacks-a-tendu-leaf-collector-killing-him-and-devouring-his-body/#google_vignette

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!