नागपुर से भोपाल ले जाई जा रही थी गांजे की खेप, कार की सीट के नीचे बने गुप्त चैम्बर से बरामद हुआ मादक पदार्थ
51.30 लाख की बड़ी कार्रवाई: सिवनी पुलिस ने 86.600 किलो गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को दबोचा

सिवनी सिवनी गांजा तस्कर गिरफ्तार – पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 86.600 किलो गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 51.30 लाख का माल जब्त
Seoni 27 May 2026
सिवनी यशो:- जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिवनी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लखनादौन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 86.600 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त कार सहित कुल 51.30 लाख रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस लखनादौन अपूर्व भलावी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक मारुति स्विफ्ट डिजायर कार (एमपी 49 सी 3251) में अवैध मादक पदार्थ गांजे की बड़ी खेप नागपुर से भोपाल ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और बम्होडी ब्रिज के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
सीट के नीचे बने गुप्त चैम्बर से निकले 15 पैकेट
संयुक्त पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली तो कार में सवार दो व्यक्तियों ने अपना नाम जाकिर मिया (58 वर्ष) एवं कमल जाटव (41 वर्ष), दोनों निवासी भोपाल बताया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वाहन की सीट के नीचे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैम्बर में गांजा छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। चैम्बर खोलकर तलाशी लेने पर 15 पैकेटों में कुल 86.600 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
51.30 लाख रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है।
जब्त मशरूका
- 86.600 किलोग्राम गांजा – अनुमानित कीमत ₹43,30,000
- मारुति स्विफ्ट डिजायर कार – अनुमानित कीमत ₹8,00,000
कुल जब्त मशरूका की कीमत – ₹51,30,000
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर थाना लखनादौन में अपराध क्रमांक 220/26 के तहत धारा 8 एवं 20 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों का रिमांड लेकर उनके नेटवर्क, सप्लाई चैन और अन्य सहयोगियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इन अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में एसडीओपी अपूर्व भलावी, थाना प्रभारी लखनादौन निरीक्षक के.पी. धुर्वे, थाना प्रभारी छपारा खैमेन्द्र जैतवार, उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा, आरक्षक धनेश्वर यादव, ओमप्रकाश धुर्वे एवं लकेश पटले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने उत्कृष्ट कार्य के लिए पूरी टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस
सिवनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल डायल-112 अथवा निकटतम पुलिस थाने को दें। सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



