8 साल की मेहनत से तैयार की ‘प्रधानमंत्री दुकान योजना’, पीएम मोदी तक पहुंचाना चाहते हैं अपना विजन
जल संकट, सूखा और अकाल से देश को बचाने का दावा; छिंदवाड़ा के शिव कुमार बंदेवार ने राज्य सरकार से लगाई गुहार
8 साल की मेहनत से तैयार की प्रधानमंत्री दुकान योजना, पीएम मोदी तक पहुंचाना चाहते हैं शिव कुमार बंदेवार
Chhinwara 28 May 2026
छिंदवाड़ा यशो:- देश में भविष्य में संभावित जल संकट, सूखा और अकाल जैसी चुनौतियों से निपटने के उद्देश्य से छिंदवाड़ा निवासी शिव कुमार बंदेवार ने आठ वर्षों की अथक मेहनत और अध्ययन के बाद एक विशेष जनकल्याणकारी परियोजना तैयार की है। बंदेवार का कहना है कि उनका यह विजन देश के जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
शिव कुमार बंदेवार ने बताया कि अपने इस प्रोजेक्ट को प्रधानमंत्री Narendra Modi तक पहुंचाने के लिए वे अक्टूबर 2024 में साइकिल से छिंदवाड़ा से दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात का प्रयास भी किया, लेकिन सुरक्षा कारणों से लंबा इंतजार करने के बावजूद उनकी भेंट नहीं हो सकी।
उन्होंने अब राज्य सरकार, जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों से आग्रह किया है कि उनके प्रस्ताव को प्रधानमंत्री कार्यालय तथा नीति निर्माताओं तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि इस पर विशेषज्ञ स्तर पर विचार किया जा सके।
बंदेवार का मानना है कि केंद्र सरकार की राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना देश के जल भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनका दावा है कि उनकी योजना भी जल संरक्षण, जल प्रबंधन और दीर्घकालिक विकास के क्षेत्र में उपयोगी साबित हो सकती है।
उन्होंने कहा कि यदि इस प्रोजेक्ट को उचित मंच मिले तो यह देश के ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों और जल संकट से प्रभावित इलाकों के लिए लाभकारी सिद्ध हो सकता है।



