मध्यप्रदेशछिंदवाड़ा

रेल मंत्री से मिले सांसद बंटी विवेक साहू, छिंदवाड़ा-पांढुर्णा में रेल सुविधाओं के विस्तार की रखीं 17 प्रमुख मांगें

छिंदवाड़ा तक नई ट्रेनों के विस्तार, नई रेल लाइनों, स्टेशन उन्नयन और ओवरब्रिज निर्माण सहित क्षेत्र के समग्र रेल विकास का रखा प्रस्ताव

सांसद बंटी साहू रेल मंत्री से मिले, छिंदवाड़ा के लिए रखीं 17 रेल मांगें

Chhindwara 27 July 2026
छिंदवाड़ा यशो:- छिंदवाड़ा-पांढुर्णा संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत सांसद बंटी विवेक साहू ने संसद के मानसून सत्र के दौरान नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर क्षेत्र की रेल परियोजनाओं एवं यात्री सुविधाओं से जुड़ी 17 प्रमुख मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान रेल मंत्री ने मांगों पर विस्तार से चर्चा करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

सांसद बंटी साहू ने रेल मंत्री को मां शारदा का पावन छायाचित्र भेंट कर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत छिंदवाड़ा एवं जुन्नारदेव रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के समग्र रेल विकास के लिए आवश्यक परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति एवं क्रियान्वयन का आग्रह किया।

इन प्रमुख मांगों को रखा रेल मंत्री के समक्ष

सांसद बंटी विवेक साहू ने रेल मंत्री से मांग की कि—

  • टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस को छिंदवाड़ा तक विस्तारित किया जाए।
  • दादाधाम एक्सप्रेस का पुनः संचालन शुरू किया जाए।
  • परासिया रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया जाए।
  • छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर-सागर नई रेल लाइन का शीघ्र निर्माण कराया जाए।
  • पांढुरना-सौसर नई रेल लाइन का निर्माण किया जाए।
  • चित्रकूट एक्सप्रेस (15205/15206) को छिंदवाड़ा तक बढ़ाया जाए।
  • पांढुरना स्टेशन पर सभी यात्री ट्रेनों का नियमित ठहराव सुनिश्चित किया जाए।
  • इतवारी-नागपुर मेमू ट्रेन को जुन्नारदेव तक विस्तारित किया जाए।
  • आमला-छिंदवाड़ा रेलखंड का दोहरीकरण किया जाए।
  • स्वीकृत रेलवे ओवरब्रिजों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए।
  • रीवा-चर्लपल्ली एक्सप्रेस का पांढुरना स्टेशन पर ठहराव दिया जाए।
  • लोनिया-करबल अंडरब्रिज के दोनों ओर सीसी रोड एवं नाली निर्माण कराया जाए।
  • चौरई रेलवे स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए।
  • लोधीखेड़ा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का स्टॉपेज दिया जाए।
  • रामबाग (छिंदवाड़ा) में रेलवे अंडरपास का निर्माण कराया जाए।
  • छिंदवाड़ा से मुंबई के लिए सीधी रेल सेवा प्रारंभ की जाए।
  • अधिक से अधिक ट्रेनों का संचालन छिंदवाड़ा होकर किया जाए।

133 किलोमीटर कम दूरी के बावजूद नहीं मिल रहा लाभ

सांसद बंटी विवेक साहू ने रेल मंत्री को बताया कि जबलपुर-नागपुर मार्ग छिंदवाड़ा होकर लगभग 410 किलोमीटर है, जबकि इटारसी होकर यही दूरी लगभग 543 किलोमीटर पड़ती है। ऐसे में यदि कुछ ट्रेनों का संचालन छिंदवाड़ा मार्ग से किया जाए तो करीब 133 किलोमीटर की दूरी कम होगी, जिससे यात्रियों का समय और यात्रा व्यय दोनों बचेंगे। उन्होंने इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर ट्रेनों का संचालन छिंदवाड़ा होकर कराने का आग्रह किया।

रेल नेटवर्क का उद्देश्य केवल कमाई नहीं, विकास भी होना चाहिए

सांसद बंटी साहू ने कहा कि रेलवे अधिकारियों का तर्क रहता है कि ट्रेनों का संचालन व्यावसायिक दृष्टि से किया जाता है, जबकि छिंदवाड़ा में पिट लाइन बनने के बाद यहां से कई ट्रेनों का संचालन प्रारंभ किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने भारत में रेल नेटवर्क केवल कमाई के लिए नहीं, बल्कि संपर्क, सुविधाओं और रोजगार बढ़ाने के उद्देश्य से विकसित किया था। यदि छिंदवाड़ा क्षेत्र में रेल सुविधाओं का विस्तार होगा तो यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ-साथ रेलवे की आय में भी स्वाभाविक वृद्धि होगी। सांसद ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए रेल मंत्रालय से सकारात्मक पहल की अपेक्षा व्यक्त की।

यह भी पढ़े :-

मन की बात सुनने के बाद विधायक दिनेश राय मुनमुन ने किया सहस्रबाहु ग्रीन वैली मंगल भवन का लोकार्पण

MP में परीक्षा माफियाओं पर बड़ा प्रहार: 4 फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित, 3 माह से कम में होगा फैसला — CM डॉ. मोहन यादव

स्कूलों के 100 गज दायरे में तंबाकू बेचने वालों पर प्रशासन का शिकंजा

सिद्धपीठ ज्वाला देवी मंदिर में 151वां संगीतमय सुंदरकांड संपन्न, भक्ति के साथ शिक्षा, पर्यावरण और नशामुक्ति का संदेश 

https://www.facebook.com/share/p/1HZTXyfte4/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button