पूर्णिमा पर जामसांवली हनुमान लोक में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
मंदिर संस्थान, जिला प्रशासन और रेलवे ने की व्यापक तैयारियां
रेल यात्रियों के लिए नि:शुल्क परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराएगा मंदिर संस्थान
जामसांवली हनुमान लोक गुरु पूर्णिमा में उमड़ेगा आस्था का सैलाब
Chhindwara 27 July 2026
छिंदवाड़ा /सौंसर यशो:- लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर (हनुमान लोक) जामसांवली में 29 जुलाई को आयोजित होने वाले गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
इस वर्ष पर्व के दौरान तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर संस्थान, जिला प्रशासन एवं रेलवे प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मंदिर संस्थान द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, चिकित्सा, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसके साथ ही भीड़ प्रबंधन और सुचारू दर्शन व्यवस्था को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।
रेल यात्रियों को मिलेगी नि:शुल्क परिवहन सुविधा
चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर (हनुमान लोक) संस्थान ने रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इससे दूर-दराज़ क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
मंदिर संस्थान के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि प्रतिवर्ष गुरु पूर्णिमा के अवसर पर लाखों श्रद्धालु भगवान श्री हनुमान जी के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने जामसांवली पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस वर्ष विशेष तैयारियां की गई हैं।
प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर की जा रही व्यवस्थाएं
गोपाल शर्मा ने बताया कि व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिला कलेक्टर एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चर्चा की गई है। प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, चिकित्सा सहायता, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन एवं मंदिर प्रबंधन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्वक दर्शन करें और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दें।
गुरु पूर्णिमा पर विशेष धार्मिक आयोजन
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, हनुमान चालीसा पाठ, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु भगवान श्री हनुमान जी के दर्शन कर सुख, समृद्धि एवं मंगलकामना का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
गुरु पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर जामसांवली हनुमान लोक एक बार फिर विशाल आस्था केंद्र के रूप में लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति का साक्षी बनेगा।
यह भी पढ़े :-
10 साल से सड़क का इंतजार: बरगी बांध विस्थापित ग्राम बखारी बरसात में फिर हुआ दुनिया से कटा
JEE से NEET और फिर IISER तक… अमृता सिंह की सफलता का तिहरा धमाका



