बालाघाटमध्यप्रदेश

गांव से ग्लोबल मंच तक: बालाघाट के राजवर्धन राणा का लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में चयन

मध्य प्रदेश शासन की विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना बनी सहारा, 40 लाख से अधिक की सहायता स्वीकृत

भोपाल यशो :- बालाघाट जिले की वारासिवनी तहसील के ग्राम सांवगी निवासी राजवर्धन राणा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। राजवर्धन का चयन विश्व की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था The London School of Economics and Political Science (LSE) में ‘मास्टर ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन’ पाठ्यक्रम के लिए हुआ है।

सरकार की ओर से समाचार में बताया गया है कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस उपलब्धि तक पहुँचने में मध्यप्रदेश शासन की ‘पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना’ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

शासन देगा पूरी आर्थिक सहायता

दी गई जानकारी के अनुसार आर्थिक रूप से सीमित लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित इस योजना के तहत राज्य शासन राजवर्धन को पूर्ण वित्तीय सहयोग प्रदान कर रहा है।

पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष की फीस के रूप में 40 लाख 70 हजार 736 रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

योजना के अंतर्गत केवल ट्यूशन फीस ही नहीं, बल्कि निर्वाह भत्ता (लिविंग अलाउंस), आकस्मिक व्यय, स्वास्थ्य बीमा, वीज़ा शुल्क तथा विदेश यात्रा का हवाई किराया भी शासन द्वारा वहन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री और शासन का जताया आभार

राजवर्धन राणा ने अपनी सफलता पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर सहित पूरे प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि इस दूरदर्शी योजना के बिना उनके लिए इतने बड़े संस्थान में अध्ययन करना संभव नहीं था।

राजवर्धन ने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, परिश्रम ईमानदारी से किया जाए और शासन की योजनाओं का सही लाभ उठाया जाए, तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते। उन्होंने भविष्य में उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की इच्छा जताई।

विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना से खुल रहे नए अवसर

जनसम्पर्क विभाग के अनुसार, इस योजना के माध्यम से प्रदेश के अनेक मेधावी छात्र विदेशों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार कर रहे हैं। मध्य प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शिक्षा के लिए मजबूत आर्थिक आधार प्रदान कर रही है।

योजना के प्रमुख लाभ

  • विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में अध्ययन हेतु ट्यूशन फीस का भुगतान
  • रहने और खाने का खर्च (लिविंग अलाउंस)
  • आकस्मिक व्यय सहायता
  • स्वास्थ्य बीमा और वीज़ा शुल्क
  • विदेश जाने और लौटने का हवाई किराया (इकोनॉमी क्लास)

योजना के लिए पात्रता

  • आवेदक मध्य प्रदेश का मूल निवासी हो
  • पिछड़ा वर्ग (नॉन क्रीमी लेयर) श्रेणी से संबंधित हो
  • पिछली परीक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों
  • आयु 35 वर्ष से कम हो
  • विदेश के मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय में प्रवेश प्राप्त हो चुका हो

 

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button