चारगांव प्रहलाद भूमि विवाद: दुष्प्रचार से बढ़ा विवाद, सांसद का कोई संबंध नहीं – जोगीराम कोलारे
प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भूमि मालिक और विक्रेता ने रखी अपनी बात, कांग्रेस और गोंडवाना नेताओं पर लगाए आरोप
चारगांव प्रहलाद भूमि विवाद में नया मोड़, सांसद विवेक बंटी साहू का कोई संबंध नहीं: जोगीराम कोलारे
Chhindwara 16 June 2026
छिंदवाड़ा यशो:- विकासखंड छिंदवाड़ा के ग्राम चारगांव प्रहलाद में हाल ही में हुए भूमि विवाद और मारपीट की घटना को लेकर मंगलवार को स्थानीय कॉफी हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भूमि मालिक आशीष ठाकरे एवं भूमि विक्रेता जोगीराम कोलारे ने अपना पक्ष रखा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक नेताओं द्वारा मामले को गलत दिशा देने का प्रयास किया गया और इसे आदिवासी भूमि विवाद बताकर दुष्प्रचार किया गया।
यह भी पढ़े :- खुर्सीपार में अवैध शराब–गांजा से घर तबाह, महिलाओं ने खोला मोर्चा, छपारा थाने में सौंपा ज्ञापन
आर्मी से सेवानिवृत्त सैनिक आशीष ठाकरे, निवासी कुण्डालीकला ने बताया कि उन्होंने मौजा चारगांव प्रहलाद स्थित खसरा नंबर 241/2 की 0.230 हेक्टेयर भूमि जोगीराम कोलारे एवं भोगीराम कोलारे से विधिवत क्रय की थी। उक्त भूमि उनके और गांगीवाड़ा निवासी दीपक साहू के संयुक्त नाम पर पंजीकृत है।
सीमांकन के बाद बोई गई फसल
आशीष ठाकरे ने बताया कि भूमि क्रय करने के बाद हल्का पटवारी द्वारा विधिवत सीमांकन कर चतुर्सीमा निर्धारित की गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि 10 जून को पड़ोसी भूमि का सीमांकन होना था, लेकिन सीमांकन कराने के बजाय कुछ लोगों ने उनकी भूमि पर मक्का की फसल बो दी तथा सीमांकन के निशान और लगाए गए खंभों को भी हटा दिया।
यह भी पढ़े :- चाँदा मुनारा के आधार पर नहर भूमि का सीमांकन नहीं किये जाने से संबंधितों में दहशत
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने इसकी लिखित शिकायत धरमटेकड़ी चौकी में दर्ज कराई थी।
सांसद विवेक बंटी साहू का कोई संबंध नहीं
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भूमि विक्रेता जोगीराम कोलारे ने स्पष्ट कहा कि यह भूमि वैधानिक रूप से बेची गई है और इसे आदिवासी भूमि बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और गोंडवाना संगठन से जुड़े कुछ नेताओं ने मामले को राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया।
यह भी पढ़े :-बरघाट विधानसभा मे थाने के नवीन सीमांकन के लिए हुई बैठक
जोगीराम कोलारे ने कहा कि सांसद विवेक बंटी साहू का इस भूमि विवाद या उससे जुड़ी किसी भी घटना से कोई संबंध नहीं है। उनका नाम अनावश्यक रूप से मामले में जोड़ा जा रहा है, जो पूरी तरह गलत है।
निष्पक्ष जांच की मांग
प्रेस वार्ता में उपस्थित लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।



