अफवाहों से बचें, भाईचारा बनाए रखें: शांति समिति की बैठक में कलेक्टर नेहा मीना की अपील
ताजिया जुलूस पूर्व निर्धारित मार्गों से निकालने, सोशल मीडिया पर निगरानी और विसर्जन स्थलों पर विशेष व्यवस्थाओं के निर्देश
मोहर्रम जुलूस सिवनी : शांति समिति की बैठक में सुरक्षा और सौहार्द पर बनी सहमति
Seoni 20 June 2026
सिवनी यशो:- आगामी धार्मिक पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम सिवनी में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर नेहा मीना ने की।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी, अपर कलेक्टर सी.एल. चनाप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, विभिन्न धर्मों के गणमान्य नागरिक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मोहर्रम जुलूस पूर्व निर्धारित मार्गों से निकाले जाएंगे
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मोहर्रम पर्व के दौरान ताजिया एवं अखाड़ा जुलूस पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएंगे। सभी समितियों एवं आयोजकों से अपील की गई कि जुलूस के दौरान तेज ध्वनि वाले डीजे का उपयोग न किया जाए तथा किसी भी धार्मिक स्थल के सामने ऐसे गीत-संगीत का प्रसारण न हो, जिससे किसी समुदाय की भावनाएं प्रभावित हों।
ताजिया विसर्जन केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थलों पर किए जाने का निर्णय लिया गया। दल सागर विसर्जन स्थल पर प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए।
यह भी पढ़े :- वन अपराधियों पर कसेगा शिकंजा, एमपी में बनेगी टाइगर स्ट्राइक फोर्स जैसी टास्क फोर्स
सुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर विशेष जोर
कलेक्टर नेहा मीना ने निर्देश दिए कि जुलूस मार्गों पर एंबुलेंस एवं चिकित्सकीय टीम की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही मार्गों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था तथा बिजली के तारों को व्यवस्थित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे।
यह भी पढ़े :-2 करोड़ की फिरौती, लॉरेंस गैंग और सिवनी कनेक्शन: दिल्ली पुलिस की जांच से मचा हड़कंप
सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने की अपील
बैठक में सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर विशेष बल दिया गया। नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली सामग्री सोशल मीडिया पर पोस्ट या साझा न करें। प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली सामग्री पर सतत निगरानी रखे जाने की जानकारी भी दी गई।
यह भी पढ़े :- अफवाह से मचा हड़कंप: पेट्रोल-डीजल के लिए पंपों पर लगी लंबी कतारें, बरघाट में बुलानी पड़ी पुलिस
ज्ञानभारतम मिशन की दी जानकारी
बैठक के दौरान कलेक्टर नेहा मीना ने जिले की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण हेतु संचालित “ज्ञानभारतम मिशन” की जानकारी साझा की। उन्होंने सभी धर्मावलंबियों एवं नागरिकों से अपने पास सुरक्षित पुरानी हस्तलिखित पांडुलिपियां एवं दुर्लभ ग्रंथ प्रशासन को उपलब्ध कराने की अपील की।
यह भी पढ़े :- दलसागर को सहेजने का संकल्प, लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा विशेष स्वच्छता अभियान
उन्होंने कहा कि इन पांडुलिपियों के डिजिटाइजेशन के माध्यम से जिले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक विरासत को संरक्षित किया जा सकेगा।
यह भी पढ़े :-मोदी सरकार के 12 वर्ष की उपलब्धियों की प्रदर्शनी का पवन पाटीदार ने किया उद्घाटन, बोले- “यह विकसित भारत का रोडमैप है”
बैठक के अंत में कलेक्टर नेहा मीना एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने सभी नागरिकों, ताजिया समितियों एवं अखाड़ा संचालकों से आपसी भाईचारा, सौहार्द और सहयोग की भावना बनाए रखते हुए आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से मनाने की अपील की।



