डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण दिवस पर भाजपा की श्रद्धांजलि, राष्ट्र निर्माण और अखंड भारत का लिया संकल्प
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और अखंड भारत के विचारों को वर्तमान भारत की विकास यात्रा का आधार बताया।
डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी 125वां स्मरण दिवस सिवनी, भाजपा ने दी श्रद्धांजलि
Seoni 06 July 2026
सिवनी यशो:- भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय बारापत्थर में सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण दिवस पर श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को स्मरण करते हुए राष्ट्र निर्माण, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, सामाजिक समरसता और अखंड भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, भारत माता एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर दीप प्रज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया गया।
यह भी पढ़े :- सिद्धपीठ श्री ज्वाला देवी मंदिर में 148वाँ संगीतमय सुंदरकांड पाठ सम्पन्न, श्रद्धालुओं ने लिया स्वच्छता और जनजागरूकता का संकल्प
राष्ट्रवादी विचारधारा की यात्रा को किया याद
पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन ने कहा कि वर्ष 1953 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सर्वोच्च बलिदान के बाद जनसंघ ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेताओं के नेतृत्व में राष्ट्रवादी विचारधारा को आगे बढ़ाया।

वर्ष 1980 में भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ, जो आज उसी वैचारिक धारा को आगे बढ़ाते हुए जनहित में ऐतिहासिक निर्णय ले रही है।
उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र, एक संविधान, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, स्वदेशी और एकात्म मानववाद भाजपा की मूल विचारधारा है।
यह भी पढ़े :- विधायक दिनेश राय मुनमुन ने लखनादौन आगमन पर पदयात्रा का किया स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद-370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के संकल्प को साकार किया गया तथा आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत डिजिटल लर्निंग कोर्स को शत-प्रतिशत पूर्ण करने का भी आह्वान किया।

राष्ट्र निर्माण में डॉ. मुखर्जी का योगदान अविस्मरणीय
पूर्व सांसद श्रीमती नीता पटेरिया ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्र निर्माण, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और भारत की अखंडता के प्रतीक थे। जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के लिए उनके योगदान को देश सदैव स्मरण करेगा।
यह भी पढ़े :-सिवनी सहित महाकौशल में अगले 24 घंटे भारी बारिश के आसार, मौसम विभाग का अलर्ट जारी
राष्ट्रहित सर्वोपरि का दिया संदेश
पूर्व विधायक नरेश दिवाकर ने कहा कि डॉ. मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब उनके बताए मार्ग पर चलकर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना ही उनके जीवन का मूल संदेश था।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना केवल एक राजनीतिक दल का गठन नहीं, बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा के सशक्त विकल्प का उदय था। आज भारतीय जनता पार्टी उसी वैचारिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन चुकी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डॉ. मुखर्जी के विचारों को व्यवहारिक रूप दिया जा रहा है।

यह भी पढ़े :-सारा ऐप के गलत सर्वे से PMAY 2.0 के सैकड़ों पात्र हितग्राही वंचित! छपारा सभापति ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र
कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा हैं डॉ. मुखर्जी
भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है। यदि हम उनके पदचिह्नों पर चलकर राष्ट्रहित में कार्य करें, तो यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के जीवन में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रवाद की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती है और वे स्वतंत्र भारत के महान राष्ट्रनिर्माताओं में शामिल थे।

राष्ट्रवाद और संगठन सशक्त बनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और अखंड भारत के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने, डिजिटल लर्निंग कोर्स पूर्ण करने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में बरघाट विधायक कमल मर्सकोले, महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री ज्योति राजपूत, युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार, पूर्व विधायक राकेश पाल सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष आलोक दुबे, प्रेम तिवारी, सिवनी नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया, बरघाट नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती इमरता साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का संचालन सिवनी दक्षिण मंडल अध्यक्ष अभिषेक दुबे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन उत्तर मंडल अध्यक्ष युवराज सिंह रांहगडाले ने व्यक्त किया।
https://culture.gov.in/commemorations/125th-birth-anniversary-dr-shyama-prasad-mukherjee



