छिंदवाड़ा को मिला आधुनिक लॉ कॉलेज, सांसद बंटी विवेक साहू बोले— न्याय और संविधान की नई पाठशाला बनेगा यह परिसर
सतपुड़ा लॉ कॉलेज के नए भवनों का लोकार्पण, कुलगुरुओं की मौजूदगी में मेधावी छात्राओं का भी हुआ सम्मान
सतपुड़ा लॉ कॉलेज के नए भवन का लोकार्पण, सांसद बंटी विवेक साहू बोले- नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा
Chhindwara 16 July 2026
छिंदवाड़ा यशो:- आधुनिक शिक्षा सुविधाओं से सुसज्जित सतपुड़ा लॉ कॉलेज के नवनिर्मित भवनों का गुरुवार को गरिमामय समारोह में लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि यह भवन केवल एक शैक्षणिक परिसर नहीं, बल्कि न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने वाला केंद्र बनेगा। यहां से निकलने वाले विद्यार्थी समाज में न्याय और जनसेवा की नई मिसाल स्थापित करेंगे।
सांसद श्री साहू ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसके शिक्षण संस्थानों की गुणवत्ता पर निर्भर करती है। विधि शिक्षा का उद्देश्य केवल अधिवक्ता तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसे जागरूक नागरिक तैयार करना है जो संविधान की भावना को समाज तक पहुंचाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सतपुड़ा लॉ कॉलेज का नया भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।
आरती चौरसिया एवं स्वाति लांजेवार बनीं आकर्षण का केंद्र
• आरती चौरसिया को डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर की वर्ष 2024-25 की एलएलबी परीक्षा में तृतीय स्थान तथा छिंदवाड़ा लॉ कॉलेज में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
• स्वाति लांजेवार को बीए एलएलबी (ऑनर्स) पंचवर्षीय पाठ्यक्रम में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सांसद एवं कुलगुरु द्वारा ट्रॉफी, प्रशस्ति-पत्र एवं बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में अतिथियों ने दोनों छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में मध्यप्रदेश गौसंवर्धन बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष एवं महामंडलेश्वर अखिलेश्वरानंद गिरिजी महाराज ने भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और न्याय व्यवस्था के समन्वय पर अपने विचार रखे। वहीं डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के कुलगुरु प्रो. वाई.एस. ठाकुर ने गुणवत्तापूर्ण विधि शिक्षा की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
राजाशंकर शाह विश्वविद्यालय, छिंदवाड़ा के कुलगुरु प्रो. आई.पी. त्रिपाठी ने कहा कि आधुनिक अधोसंरचना विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएगी और शोध व नवाचार को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम को सतपुड़ा एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष भजनलाल चोपड़े, महाविद्यालय के प्राचार्य वेदप्रकाश तिवारी एवं चेयरमैन नवनीत व्यास ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने संस्थान के नए भवन को क्षेत्र में विधि शिक्षा के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
समारोह में शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
अतिथियों ने परिसर का अवलोकन कर आधुनिक सुविधाओं की सराहना की और विश्वास जताया कि यह संस्थान भविष्य में प्रदेश के प्रमुख विधि शिक्षण संस्थानों में अपनी पहचान बनाएगा।
यह भी पढ़े :-
31 जुलाई तक कराएं फसल बीमा, प्राकृतिक आपदाओं से फसल को मिलेगी सुरक्षा



