जिला जेल में रंग-बिरंगे खिलौने देख खुशी से झूम उठे नन्हे-मुन्ने बच्चे
रोटरी क्लब के ‘हैप्पी प्रोजेक्ट’ के तहत बच्चों को खिलौने भेंट, जन्मदिन की खुशियां जेल में भी हुईं साझा
छिंदवाड़ा जिला जेल में बच्चों को मिले रंग-बिरंगे खिलौने, रोटरी क्लब ने बांटी खुशियां
Chhindwara 22 July 2026
छिंदवाड़ा यशो:- जिला जेल में रहने वाली महिला बंदियों के नन्हे-मुन्ने बच्चों के चेहरे उस समय खुशी से खिल उठे, जब रोटरी क्लब ऑफ छिंदवाड़ा के सदस्य उनके लिए रंग-बिरंगे खिलौने लेकर पहुंचे। खिलौने देखते ही बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखर गई और पूरा माहौल खुशियों से भर उठा।
जिला जेल अधीक्षक प्रतीक जैन ने बताया कि महिला बंदियों के साथ रहने वाले छोटे बच्चों के लिए समाज यदि समय-समय पर ऐसे संवेदनशील प्रयास करे तो उनका बचपन भी सामान्य बच्चों की तरह खुशहाल बनाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से उन्होंने रोटरी क्लब ऑफ छिंदवाड़ा के असिस्टेंट गवर्नर रोटे विनोद तिवारी से इस पहल पर चर्चा की।
इस पहल से प्रेरित होकर रोटरी क्लब ऑफ छिंदवाड़ा ने अपने ‘हैप्पी प्रोजेक्ट’ के अंतर्गत जिला जेल में कार्यक्रम आयोजित किया। क्लब सदस्य रोटे निलेश गुप्ता ने अपनी पुत्री आरोही के जन्मदिवस के अवसर पर जेल में रह रहे बच्चों को उपहार स्वरूप खिलौने भेंट किए।
कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब के असिस्टेंट गवर्नर रोटे विनोद तिवारी, क्लब अध्यक्ष रोटे विनित पटौदी, प्रोजेक्ट डायरेक्टर रोटे निलेश गुप्ता, सचिव रोटे जयेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष रोटे अमित मक्कड़, सहसचिव रोटे अरविंद अग्रवाल, रोटे निलेश लाठ, रोटे नंदकिशोर सहित अन्य रोटेरियन सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में महिला बंदियों की गोद में खेल रहे बच्चों ने जैसे ही खिलौने देखे, उनकी खुशी देखते ही बनती थी। रोटरी क्लब की इस पहल की जिला जेल प्रशासन ने भी सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक प्रयास बताया।
यह भी पढ़े :-
करोड़ों के निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर कलेक्टर सख्त, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिए कड़े निर्देश



