सिवनीमध्यप्रदेशव्यापार

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से इंजीनियर संतोष डेहरिया बने सफल उद्यमी, 6 युवाओं को दिया रोजगार

3.50 लाख रुपये के ऋण से शुरू किया सर्वे एवं कंस्ट्रक्शन व्यवसाय, आज मासिक आय करीब एक लाख रुपये

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से सिवनी के इंजीनियर संतोष डेहरिया बने सफल उद्यमी

Seoni 22 July 2026
सिवनी यशो:- मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना ने सिवनी जिले के भैरोगंज निवासी इंजीनियर संतोष डेहरिया के स्वरोजगार के सपने को नई उड़ान दी है। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने संकल्प, तकनीकी ज्ञान और शासन की योजना का लाभ लेकर न केवल अपना व्यवसाय स्थापित किया, बल्कि आज छह स्थानीय युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध करा रहे हैं।

इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद संतोष डेहरिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति थी। आर्थिक तंगी के कारण वे तत्काल अपना व्यवसाय शुरू नहीं कर सके और विभिन्न जिलों की निजी कंपनियों में नौकरी करनी पड़ी। इस दौरान उन्होंने सर्वे एवं कंस्ट्रक्शन क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया और भविष्य में स्वयं का उद्यम स्थापित करने का लक्ष्य तय किया।

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना बनी सहारा

वर्ष 2024 में संतोष को उद्योग विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की जानकारी मिली। उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया, जिसके बाद उनका प्रकरण यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, सिवनी शाखा को भेजा गया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद फरवरी 2025 में उन्हें 3.50 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ।

इस वित्तीय सहायता से संतोष ने आधुनिक उपकरणों के साथ सर्वे एवं कंस्ट्रक्शन का व्यवसाय शुरू किया।

आज मासिक आय करीब एक लाख रुपये

तकनीकी शिक्षा, कार्य अनुभव और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के बल पर उनका व्यवसाय तेजी से आगे बढ़ा। वर्तमान में वे विभिन्न निर्माण एवं सर्वेक्षण कार्यों का सफलतापूर्वक संचालन कर रहे हैं और उनकी मासिक आय लगभग एक लाख रुपये हो गई है। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है।

6 स्थानीय युवाओं को मिला रोजगार

संतोष डेहरिया ने अपने उद्यम के माध्यम से 6 स्थानीय युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध कराया है। इससे अन्य परिवारों की आजीविका मजबूत हुई है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।

उन्होंने बताया कि वे बैंक की ऋण किस्तों का नियमित भुगतान कर रहे हैं। उनका मानना है कि यदि युवाओं के पास स्पष्ट लक्ष्य, मेहनत और शासन की योजनाओं का सहयोग हो तो स्वरोजगार के क्षेत्र में सफलता अवश्य मिल सकती है।

युवाओं को दिया आत्मनिर्भर बनने का संदेश

संतोष डेहरिया ने प्रदेश के शिक्षित युवक-युवतियों से अपील की है कि वे केवल नौकरी की प्रतीक्षा करने के बजाय अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप स्वरोजगार अपनाएं। उनका कहना है कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर युवा न केवल आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं।

यह भी पढ़े :-

फिल्मी मंचों से नहीं, सुशासन से आता है निवेश; आंकड़ों से नहीं, अवसरों से तय होती है युवाओं की तस्वीर: शेषराव यादव

12 वर्षों से सड़क पर बह रहा नाली का पानी, लाठगांव के ग्रामीण कीचड़ और गंदगी से परेशान

मध्यप्रदेश विधानसभा में UCC विधेयक पारित, सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- समान अधिकार और न्याय की दिशा में बड़ा कदम

मजदूर के बेटे ने रचा इतिहास: ऑनलाइन पढ़ाई से NEET-UG में 590 अंक, AIR 13,808

 https://www.slbcmadhyapradesh.in/state-govt-programmes.aspx

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button