गंज वार्ड में गांजा बेच रही महिला गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने 308 ग्राम गांजा किया जब्त
'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर महिला को रंगे हाथ पकड़ा
सिवनी के गंज वार्ड में गांजा बेच रही महिला गिरफ्तार, 308 ग्राम गांजा जब्त
Seoni, 28 July 2026
सिवनी यशो:- जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी की “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत की गई कार्रवाई में गंज वार्ड क्षेत्र से गांजा बेच रही एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 308 ग्राम अवैध गांजा और बिक्री से संबंधित नकदी बरामद की गई है।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई।
मुखबिर की सूचना पर दी दबिश
पुलिस के अनुसार 27 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंज वार्ड क्षेत्र में एक महिला अपने घर के सामने अवैध रूप से गांजा बेच रही है। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस टीम ने एक मकान के आंगन में एक महिला को नीले रंग का थैला लेकर बैठे देखा। पुलिस को देखते ही महिला घबराने लगी, जिस पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
308 ग्राम गांजा और नकदी बरामद
पूछताछ में महिला ने अपना नाम मयूरी खताबिया (35 वर्ष), पति कन्हैयाल खताबिया, निवासी कुचबुंदिया मोहल्ला, गंज वार्ड, सिवनी बताया। गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके पास रखे नीले रंग के थैले से अखबार की पुड़ियों में रखा 308 ग्राम अवैध गांजा तथा ₹460 नकद बरामद हुए। पुलिस ने दोनों को विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग ₹3,100 है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
कोतवाली पुलिस ने आरोपित महिला के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी महिला गांजा कहां से लाती थी और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जाती थी।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी, उपनिरीक्षक जगमोहन अधिकार, प्रधान आरक्षक मुकेश गोडाने, मनोज मरावी, संतोष साहू, प्रदीप कुमार चौधरी, महिला आरक्षक निशा दोनावट, आरक्षक प्रतीक बघेल एवं महिला आरक्षक दीपाली बघेल की उल्लेखनीय भूमिका रही।
यह भी पढ़े :-
स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, नियम तोड़ने वाले दो वाहनों पर 10 हजार रुपये की कार्रवाई
दतिया उपचुनाव: चिकित्सक और केमिस्ट भाजपा की ताकत बनें, डॉ. महेंद्र सिंह का आह्वान
सिवनी में ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान तेज, आंगनबाड़ी से खेल मैदान तक गूंजा नशामुक्ति का संदेश



