अपराधों पर सख्त हुए एसपी कृष्ण लालचंदानी, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश
मासिक अपराध समीक्षा बैठक में हत्या, चोरी और गृहभेदन की घटनाओं पर जताई चिंता, रात्रि गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
सिवनी में एसपी कृष्ण लालचंदानी की अपराध समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश
Seoni, 28 July 2026
सिवनी यशो:- जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने मंगलवार देर रात्रि पुलिस कंट्रोल रूम में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में लंबित अपराधों, चालानों, मर्ग, शिकायतों, संपत्ति संबंधी अपराधों, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और रात्रि गश्त सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, जिले के सभी एसडीओपी, थाना एवं चौकी प्रभारी, रक्षित निरीक्षक, कंट्रोल रूम प्रभारी तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के शाखा प्रमुख उपस्थित रहे।
लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने सभी एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि लंबित अपराध, लंबित चालान, मर्ग और शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकरण में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक मामले की नियमित समीक्षा की जाएगी।
हत्या, चोरी और गृहभेदन पर जताई चिंता
बैठक में जिले में हत्या, हत्या के प्रयास, गृहभेदन एवं साधारण चोरी की घटनाओं में वृद्धि पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक ने ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए। उन्होंने संपत्ति संबंधी अपराधों की पतारसी तेज करने, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा अपराधों के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।
रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को स्वयं नियमित रूप से रात्रि गश्त करने के निर्देश दिए। वहीं एसडीओपी को रात्रि गश्त की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के लिए कहा, ताकि चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
अपराधियों पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में लघु अधिनियम के तहत अधिक कार्रवाई करने, जिला बदर के प्रकरण तैयार कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बार-बार अपराध करने वाले आरोपियों की जमानत निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित करने के भी निर्देश दिए गए।
एससी-एसटी प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा
पुलिस अधीक्षक ने एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम से संबंधित मामलों में पीड़ितों के राहत प्रकरण शीघ्र तैयार कर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित समंस एवं वारंटों की तामीली बढ़ाने तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का संतोषजनक निराकरण कर आवेदकों से फीडबैक लेने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने कहा कि जनता को त्वरित न्याय, सुरक्षित वातावरण और बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराना पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनसंतुष्टि बढ़ाने के लिए पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
यह भी पढ़े :-
100 साल पुराने आशियाने पर ‘रास्ता मद’ का विवाद, मजदूर परिवार पीएम आवास योजना से वंचित
मिलावटखोरों पर प्रशासन की पैनी नजर, दूध, घी, खोया, दही और पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे



