धर्मछिंदवाड़ामध्यप्रदेश

गुरु पूर्णिमा पर जामसांवली धाम में उमड़ा आस्था का महाकुंभ

2.50 लाख श्रद्धालुओं ने किए हनुमान दादा के दर्शन

जामसांवली धाम गुरु पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का महाकुंभ, 2.50 लाख श्रद्धालुओं ने किए हनुमान दादा के दर्शन

जामसांवली/सौसर यशो :- गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर क्षेत्र के प्रसिद्ध चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर (हनुमान लोक) जामसांवली धाम में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे लगभग 2.50 लाख श्रद्धालुओं ने हनुमान दादा के दिव्य दरबार में पहुंचकर उन्हें गुरु स्वरूप मानते हुए श्रद्धापूर्वक पूजन-अर्चन किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, मंदिर ट्रस्ट एवं स्वयंसेवकों की सुदृढ़ व्यवस्थाओं के चलते पूरा आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। सुबह से देर रात तक मंदिर परिसर “जय श्रीराम” और “जय हनुमान” के जयघोष से गुंजायमान रहा। दर्शन के लिए लंबी कतारों में श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ अपनी बारी का इंतजार करते रहे।

हनुमान जी को गुरु मानने की है विशेष मान्यता

सनातन परंपरा में भगवान श्रीहनुमान को अखंड भक्ति, सेवा, समर्पण, ज्ञान और गुरु-तत्व का साक्षात स्वरूप माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि गुरु पूर्णिमा के दिन जो श्रद्धालु हनुमान जी को अपना गुरु मानकर उनके श्रीचरणों में श्रद्धा के साथ नतमस्तक होते हैं, उनके जीवन के संकट दूर होते हैं तथा उन्हें बल, बुद्धि, विद्या और आध्यात्मिक उन्नति का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

हर वर्ष उमड़ता है लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब

इसी अटूट आस्था और विश्वास के कारण गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जामसांवली धाम में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस वर्ष भी देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने हनुमान दादा के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया और पूरे दिन धार्मिक आस्था का अनुपम वातावरण बना रहा।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!