मध्यप्रदेशछिंदवाड़ा

आज बांटे जाएंगे 2000 फलदार पौधे, ‘गांव को फलदार बनाओ, खाओ और कमाओ’ अभियान को मिलेगी नई गति

एकल अभियान एवं सामाजिक संस्थाओं की पहल, चारगांव करबल में वन यात्रा और पौध वितरण कार्यक्रम आज

छिंदवाड़ा में आज 2000 फलदार पौधों का वितरण, वन यात्रा का आयोजन

Chhindwara 30 July 2026
छिंदवाड़ा यशो:- ग्रामीण परिवारों को पोषण, पर्यावरण संरक्षण और अतिरिक्त आय से जोड़ने के उद्देश्य से एकल अभियान एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा शुक्रवार 31 जुलाई को मोहखेड़ विकासखंड के ग्राम चारगांव करबल में 2000 फलदार पौधों का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत वन यात्रा का आयोजन भी होगा, जिसमें ग्रामीणों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

अभियान का उद्देश्य प्रत्येक गांव के हर घर तक फलदार पौधे पहुंचाना है, ताकि परिवार स्वयं फल खाएं, अतिरिक्त उत्पादन बेचकर आर्थिक लाभ प्राप्त करें और गांव आत्मनिर्भर बनें।

स्व. रमा अग्रवाल की पहल आज भी बनी प्रेरणा

इस अभियान की नींव लगभग दस वर्ष पहले पर्यावरण प्रेमी एवं समाजसेवी स्वर्गीय सुश्री रमा अग्रवाल ने रखी थी। उन्होंने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पीपल, बरगद तथा फलदार पौधों के संरक्षण एवं रोपण की शुरुआत की थी। आज उनके लगाए अनेक पौधे विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं।

अंबामाली गांव बना सफल मॉडल

करीब छह वर्ष पूर्व मोहखेड़ ब्लॉक के अंबामाली गांव में प्रत्येक परिवार को आम, जाम, जामुन और नींबू के पौधे दिए गए थे। वर्तमान में गांव के लगभग 80 प्रतिशत घरों में फलदार वृक्ष तैयार हो चुके हैं। इससे ग्रामीणों को पोषण के साथ अतिरिक्त आय भी प्राप्त हो रही है। इसी सफलता को देखते हुए अब चारगांव करबल सहित अन्य गांवों में भी यह अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है।

नींबू और जाम के पौधों पर विशेष फोकस

इस वर्ष अभियान के तहत मुख्य रूप से नींबू और जाम के पौधों का वितरण किया जाएगा। नींबू की बाजार में लगातार बढ़ती मांग और बेहतर कीमत को देखते हुए ग्रामीणों को इसकी खेती के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही आम, मुनगा और जामुन के पौधे भी नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।

कई सामाजिक संस्थाएं निभा रही अहम भूमिका

इस अभियान में एकल अभियान के पुरुषोत्तम साहू, प्रशांत नंदनवार, गोविंद चौरसिया, विनोद तिवारी एवं कुबेर सूर्यवंशी सहित अनेक कार्यकर्ता सक्रिय हैं।

इसके अलावा गांधी गंज व्यापारी मंडल, लायंस क्लब, वैश्य महासम्मेलन, आर्य समाज, रोटरी क्लब, जनपरिषद, योग वेदांत समिति तथा अनेक सामाजिक संगठनों का सहयोग मिल रहा है।

वन विभाग भी दे रहा सहयोग

वन विभाग द्वारा भी इस अभियान के लिए पौधे उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं क्षेत्र के समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों द्वारा वन यात्रा, पौध वितरण और वनभोज की तैयारियां की गई हैं।

हर गांव बने फलदार गांव

अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि प्रत्येक गांव के प्रत्येक घर में फलदार पौधे लगाए जाएं तो ग्रामीण परिवारों को पोषण, अतिरिक्त आय और स्वच्छ पर्यावरण का लाभ मिलेगा। उनका मानना है कि इस मॉडल को प्रदेशभर में लागू किया जाए तो “स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत” का सपना साकार हो सकता है।

यह भी पढ़े :-

गुरु पूर्णिमा पर जामसांवली धाम में उमड़ा आस्था का महाकुंभ 

बरघाट सतगुरु शिवालय में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई गुरु पूर्णिमा 

जनसुनवाई में कलेक्टर की संवेदनशील पहल, कुछ ही मिनटों में स्कूल पहुंचा प्रिंस का दाखिला

गंज वार्ड में गांजा बेच रही महिला गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने 308 ग्राम गांजा किया जब्त 

https://www.bhaskar.com/local/mp/chhindwara/news/harrai-chhindwara-youth-swept-away-river-accident-death-body-found-138585244.html

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button