मध्यप्रदेशटेक्नोलॉजीदेश विदेश

मध्यप्रदेश में 1200 करोड़ का निवेश, 5000 युवाओं को मिलेगा रोजगार

गुजरात-एमपी के संबंध होंगे और प्रगाढ़, अरविंद लिमिटेड बरलाई, पीएम मित्र पार्क और बेटमा में स्थापित करेगी औद्योगिक इकाइयां

MP में 1200 करोड़ का निवेश, 5000 युवाओं को रोजगार; अरविंद लिमिटेड लगाएगी 3 औद्योगिक इकाइयां

Bhopal 12 August 2026
भोपाल/अहमदाबाद यशो:- मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 12 अगस्त को गुजरात के अहमदाबाद प्रवास के दौरान अरविंद लिमिटेड के वाइस चेयरमैन कुलीन लालभाई से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में प्रस्तावित निवेश और औद्योगिक विस्तार को लेकर चर्चा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गुजरात और मध्यप्रदेश के बीच औद्योगिक सहयोग बढ़ने से दोनों राज्यों के संबंध और अधिक प्रगाढ़ होंगे। अरविंद समूह द्वारा मध्यप्रदेश में औद्योगिक इकाइयां स्थापित किए जाने से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप पीएम मित्र पार्क में अगले वर्ष तक उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

तीन स्थानों पर स्थापित होंगी औद्योगिक इकाइयां

मुख्यमंत्री के अनुसार अरविंद समूह द्वारा मध्यप्रदेश में तीन प्रमुख स्थानों पर औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जा रही हैं। इनमें देवास के निकट बरलाई, धार स्थित पीएम मित्र पार्क और इंदौर का बेटमा शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि कंपनी इन स्थानों के अलावा प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी कार्य कर रही है। औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और बड़ी संख्या में युवाओं को इसका लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश से रोजगार के साथ राज्य को कर राजस्व भी प्राप्त होगा, जिससे प्रदेश के विकास के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे। इससे मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

पीएम मित्र पार्क में 1200 करोड़ का निवेश प्रस्तावित

अरविंद लिमिटेड द्वारा धार स्थित पीएम मित्र पार्क में लगभग 1200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। इसके लिए कंपनी को 105 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है।

इंदौर में संचालित पेपकोन प्राइवेट लिमिटेड के साथ कंपनी के अनुबंध के तहत प्रतिवर्ष लगभग 70 लाख परिधानों का निर्माण किया जाता है। मुख्यमंत्री ने पीएम मित्र पार्क में प्रस्तावित उद्योग की स्थापना एवं निवेश प्रक्रिया को गति देने के संबंध में चर्चा की।

बैठक में सीसीआईपी के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया जल्द पूरी करने तथा शासन स्तर पर प्रस्ताव के त्वरित परीक्षण एवं अनुमोदन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई पर भी विचार किया गया।

वस्त्र एवं परिधान उद्योगों के लिए उपलब्ध निवेश प्रोत्साहनों की जानकारी भी कंपनी को दी गई। इनमें पूंजी अनुदान, ब्याज अनुदान, स्टाम्प एवं पंजीयन शुल्क की प्रतिपूर्ति, ग्रीन इंडस्ट्रियलाइजेशन और अनुसंधान एवं विकास सुविधाओं के लिए सहायता सहित विभिन्न प्रावधान शामिल हैं।

गुजरात के सहयोग से 5000 लोगों को मिलेगा रोजगार

निवेश से प्रदेश के वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार के अनुसार गुजरात के सहयोग से मध्यप्रदेश में लगभग 5000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

टेक्सटाइल क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

औद्योगिक क्षेत्रों में पानी के पुनः उपयोग पर जोर

बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में पानी के पुनः उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (ZLD) समाधान की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

मध्यप्रदेश में विकसित किए जा रहे 90 से अधिक औद्योगिक पार्कों में टेक्सटाइल, फार्मा और अन्य औद्योगिक क्लस्टरों में कॉमन ZLD प्रणालियां विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।

इसके अलावा औद्योगिक पार्कों को निकटवर्ती नगर निगमों के एसटीपी से जोड़कर ‘सर्कुलर वॉटर इकोनॉमी’ मॉडल विकसित करने के सुझाव पर भी चर्चा हुई।

सिंहस्थ-2028 में आधुनिक संचार व्यवस्था पर चर्चा

बैठक में सिंहस्थ-2028 के दौरान आधुनिक मिशन-क्रिटिकल कम्युनिकेशन नेटवर्क के उपयोग की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

अरविंद लिमिटेड एवं जेएम बक्सी समूह के संयुक्त उद्यम आर्य ऑम्निटॉक सॉल्यूशंस द्वारा मिशन-क्रिटिकल वायरलेस कम्युनिकेशन, वॉकी-टॉकी नेटवर्क, पीएमआरटी और सार्वजनिक सुरक्षा संचार समाधान उपलब्ध कराए जाते हैं।

सिंहस्थ के दौरान पुलिस, सुरक्षा बल, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और आयोजन प्रबंधन के लिए ऐसे आधुनिक संचार नेटवर्क के उपयोग की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

GIS-2027 में शामिल होने का न्योता

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुलीन लालभाई को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करने के साथ ही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS)-2027 में सहभागिता का निमंत्रण भी दिया।

मुख्यमंत्री ने अरविंद समूह को मध्यप्रदेश में निवेश की दिशा में आगे बढ़ने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

1931 में स्थापित हुआ था अरविंद समूह

अरविंद लिमिटेड देश के प्रमुख टेक्सटाइल समूहों में शामिल है। वर्ष 1931 में स्थापित कंपनी का मुख्यालय अहमदाबाद में है। कंपनी डेनिम, परिधान, फैब्रिक्स और टेक्सटाइल वैल्यू चेन के क्षेत्र में काम करती है।

समूह की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में 60 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की जानकारी दी गई है। कंपनी एक लाख से अधिक कपास किसानों से कच्चे माल की खरीद भी करती है।

बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव, उद्योग नीरज मंडलोई, सचिव उद्योग जॉन किंसले तथा एमडी, एमपीआईडीसी चंद्रमौली शुक्ला उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े :-

मध्यप्रदेश में साढ़े 3 लाख मीट्रिक टन मूंग की खरीदी, सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा- गड़बड़ी करने वालों पर लें सख्त एक्शन

“सिवनी की बेटियों का हॉकी में धमाका, नौशीन के 17 गोल तो साजदा के नाम 3 पदक”

बैंकर्स बुक्स एविडेंस बिल से खत्म होगा अंग्रेजों के जमाने का कानून : सांसद बंटी विवेक साहू

47 हजार 990 करोड़ के प्रस्तावों को मंजूरी, स्वास्थ्य, सड़क और महिला सशक्तिकरण पर सरकार का बड़ा फोकस

https://x.com/DrMohanYadav51/status/2087573690762539459?s=20

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button