ईद-मिलादुन्नबी को लेकर सिवनी में अलर्ट पुलिस-प्रशासन, जुलूस मार्ग से सोशल मीडिया तक रहेगी नजर
अति. पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एडीएम नीलमणि अग्निहोत्री ने सुरक्षा प्रबंधों का लिया जायजा, पुलिस ने की शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
सिवनी ईद मिलादुन्नबी को लेकर शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन
Seoni 25 August 2026
सिवनी यशो:- आगामी ईद-मिलादुन्नबी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में 24 अगस्त को पुलिस कंट्रोल रूम, सिवनी में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्योहारों को लेकर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी नीलमणि अग्निहोत्री ने की। इस दौरान एसडीएम सिवनी पूर्वी तिवारी, डीएसबी प्रभारी, अन्य प्रशासनिक अधिकारी तथा नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में अधिकारियों से क्षेत्रवार सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, जुलूस मार्ग, यातायात व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी ली गई। साथ ही आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ किए गए समन्वय की भी समीक्षा की गई।
सुरक्षा और निगरानी पर विशेष जोर
अधिकारियों ने नमाज स्थलों पर प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग तथा प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया।
जुलूस मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार करने, आवश्यक स्थानों से अतिक्रमण हटाने और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
बैठक में विद्युत, अग्नि सुरक्षा एवं आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय बनाए रखने तथा क्विक रिस्पॉन्स टीम को अलर्ट रखने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर भ्रामक और अफवाहजनक सूचनाओं की लगातार निगरानी करने तथा तथ्यात्मक जानकारी तत्काल साझा करने को कहा गया।
अधिकारियों को आयोजन समिति एवं गणमान्य नागरिकों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखते हुए वैधानिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने के लिए सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
पुलिस ने की अफवाहों से दूर रहने की अपील
सिवनी पुलिस ने आमजन से अपील की कि ईद-मिलादुन्नबी सहित आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सद्भावपूर्ण वातावरण में मनाएं। प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध या भ्रामक जानकारी को आगे प्रसारित करने के बजाय पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
यह भी पढ़े :-
जिला टेबल टेनिस चैंपियनशिप के लिए संघ ने दिए दो नए टेबल
मालनपुर में गोदरेज की नई यूनिट का CM मोहन यादव करेंगे शुभारंभ, 2250 से ज्यादा रोजगार
कांधों पर कांवड़, कांवड़ में मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर निकले कांग्रेसजन


