सिवनीधर्ममध्यप्रदेश

11 अक्टूबर को भव्यता से मनाया जाएगा महाराज श्री अग्रसेन का जन्मोत्सव

3 अक्टूबर को रक्तदान शिविर, 8 अक्टूबर को ध्वजारोहण के साथ चार दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज

सिवनी में 11 अक्टूबर को भव्य अग्रसेन जयंती, वाहन रैली और शोभायात्रा

Seoni, 29 September 2026
सिवनी यशो:- यह भी पढ़े :- अग्रकुल प्रवर्तक श्री श्री 1008 महाराजाधिराज अग्रसेन जी का 5180वां जन्मोत्सव 11 अक्टूबर को जबलपुर रोड लूघरवाड़ा स्थित अग्रोहाधाम श्री अग्रसेन भवन में सिवनी अग्रवाल समाज समिति द्वारा भव्यता के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव को लेकर समाज द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस अवसर पर पांच दिवसीय धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी, जिसमें समाज के लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रहेगी।

मानव सेवा संकल्प के तहत 3 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी दिन दोपहर 3 बजे संगीतमय सामूहिक सुंदरकांड पाठ होगा। वहीं सुबह 6:30 बजे से सात दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का शुभारंभ किया जाएगा।

ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ

8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। नगर के गंगानगर निवासी प्रसिद्ध अनाज व्यवसायी दुर्गाप्रसाद अग्रवाल द्वारा महाराज श्री अग्रसेन एवं कुलदेवी माता महालक्ष्मी का विधिवत पूजन कर ध्वज पताका फहराई जाएगी।

इसी दिन शाम 7 बजे समाज के पांच महिला मंचों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इनमें अग्रोहा सखी मंच, माधवी मंच, प्रगति महिला मंच, अग्रसेन महिला एकता मंच एवं अग्रनारी शक्ति मंच शामिल हैं। इसके अलावा मैरिज ग्रुप एवं बैचलर ग्रुप द्वारा बॉलीवुड जोड़ी प्रस्तुति, ‘मेरा संदेश समाज के नाम’ एक्ट तथा हास्य कवि सम्मेलन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

बच्चों और महिलाओं के लिए विविध प्रतियोगिताएं

9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से सब्जियों के बुके बनाओ, बिंदियों से जेवर सजाओ, वन मिनट गेम, क्ले आर्ट एवं दीपावली हैम्पर बनाओ प्रतियोगिताएं होंगी। दोपहर 4 बजे से विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। शाम 7 बजे रील बनाओ, नृत्य एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताएं होंगी।

10 अक्टूबर को सजेगा आनंद मेला

10 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से आनंद मेला आयोजित किया जाएगा। इसमें खान-पान एवं हस्तकला के आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही म्यूजिकल चेयर, पासिंग द पार्सल एवं क्विज प्रतियोगिताएं होंगी। शाम 7 बजे ‘खेलो और जीतो’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

गंगानगर से निकलेगी भव्य वाहन रैली

अग्रवाल समाज समिति के प्रवक्ता संजय अग्रवाल ने बताया कि 11 अक्टूबर को मुख्य समारोह से पहले सुबह 10 बजे गंगानगर से भव्य वाहन रैली निकाली जाएगी। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए लूघरवाड़ा स्थित श्री अग्रसेन भवन पहुंचेगी।

इसके बाद महाराज श्री अग्रसेन का हवन-पूजन मुख्य यजमान राजकुमार-संध्या अग्रवाल द्वारा कराया जाएगा, जिसमें समाज के लोग सहभागी होंगे। दोपहर 1 बजे से मंचीय कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत, परिचय एवं उद्बोधन होगा। दोपहर 2 बजे विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों तथा समाज के मेधावी विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

शाम 5 बजे निकलेगी भव्य शोभायात्रा

जन्मोत्सव का मुख्य आकर्षण शाम 5 बजे अग्रवाल धर्मशाला, दुर्गा चौक से निकलने वाली महाराज श्री अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा होगी। गाजे-बाजे के साथ निकलने वाली शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करेगी।

अग्रवाल समाज समिति ने सभी अग्रबंधुओं से सपरिवार कार्यक्रमों में शामिल होकर महाराज श्री अग्रसेन के जन्मोत्सव को भव्य बनाने तथा सामाजिक एकता का परिचय देने का आग्रह किया है।

यह भी पढ़े :-

मक्का फसल नुकसान पर किसानों को बड़ी राहत, प्रभावित किसानों को मिलेगा 25 प्रतिशत अग्रिम भुगतान

थाने में हंगामे के बाद युवती की शिकायत दर्ज, दूसरे पक्ष ने भी दिया आवेदन

आदेगांव छात्रावास में कलेक्टर ने छात्राओं से पूछे सवाल, कॉपी जांच में लापरवाही पर जताई नाराजगी

मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन 30 सितंबर को

https://www.facebook.com/share/p/1Ghsn3dKUy/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!