सिवनी यशो:- जिले में गिद्धों की गणना के लिए तैयारियां शुरु हैं। अगले माह गणना का पहला चरण होगा जबकि दूसरा और अंतिम चरण फरवरी माह में। हालांकि अभी तारीख घोषित नहीं है। गणना का काम पूरे प्रदेश में एक साथ होगा। विभागीय स्तर पर कर्मचारियों को ट्रेनिंग भी दी जा चुकी है। संभावना है कि इस बार गिद्धों की संख्या अधिक हो सकती है। जानकारी के अनुसार पहली बार सात साल पूर्व वर्ष 2016 से गिद्धों की गणना के लिए काम शुरु हुआ था। अधिकारियों का कहना है कि गिद्ध गणना के लिए दो चरण महत्वपूर्ण हैं। दूसरा चरण एक साथ होगा जिसके लिए विशेष तैयारियां होंगी।
यहां पाई जाने वाली प्रजातियां
गिद्धों की कई प्रजातिया हैं। वर्तमान में एजिप्सिया, व्हाइट रम्प्ड, किंग कल्चर, लांग बिल्ड, यूरेशियस और सिलेंडर बिल्ड प्रमुख हैं। सबसे ज्यादा इजिप्सिया प्रजाति के गिद्ध आधिक पाए जाते हैं। जिले में वर्ष 2019 में हुई गणना में 157 और वर्ष 2021 में हुई गणना में 192 गिद्ध मिले थे। वर्ष 2019 में पेंच में 57 गिद्ध पाए गए थे। हालांकि इसमें सभी की प्रजातियां अलग-अलग थी। धूमा और लखनादौन क्षेत्र में भी गिद्धों की अच्छी संख्या पाई जाती है।
गणना के लिए ऐसी होगी प्रक्रिया
विभागीय जानकारी के अनुसार पहले चरण की गणना के लिए एक हफ्ते तक उन स्थानों का चयन किया जाएगा जहां पर गिद्धों के संभावित रहवास हैं। यह काम भी सुबह सुबह होगा ताकि उनकी पहचान हो सके। फरवरी में प्रदेश स्तरीय एक दिवसीय गणना सुबह की जाएगी। इसमें कैमरों से फोटो लिए जाएंगे।