मध्यप्रदेशसिवनी
ऐश्वर्य सूर्या ने यूपीएससी में लहराया सफलता का परचम
Seoni 24 April 2025
सिवनी यशो:- जिले के लिए यह गर्व का क्षण है कि स्थानीय निवासी ऐश्वर्य सूर्या ने प्रतिष्ठित (civil services exam) सिविल सेवा परीक्षा (यूपीएससी) 2024 में शानदार सफलता हासिल करते हुए 843वीं रैंक प्राप्त की है। ऐश्वर्य सूर्या जिला चिकित्सालय सिवनी में आरएमओ के पद पर पदस्थ डॉ. पी सूर्या और श्रीमती अंजुषा सूर्या के सुपुत्र हैं।(
उनकी इस उपलब्धि से पूरे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। ऐश्वर्य सूर्या, राकेश सूर्या, कौशल सूर्या, अरविंद सूर्या के भतीजे होने के साथ-साथ आईपीएस वेदप्रकाश सूर्या के भी भतीजे हैं। उनकी इस सफलता पर सभी परिवारजनों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है।
ऐश्वर्य सूर्या ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सिवनी में ही प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने अपनी लगन और प्रतिभा के बल पर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खडग़पुर से बीटेक इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की। इंजीनियरिंग की शिक्षा के दौरान भी उन्होंने अपनी मेधा का परिचय दिया और अब सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उन्होंने एक और मील का पत्थर स्थापित किया है।
उनकी इस असाधारण उपलब्धि पर न केवल उनके परिवार के सदस्य बल्कि समाज के गणमान्य नागरिक और शहर के लोग भी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। सभी ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी है। ऐश्वर्य सूर्या की यह सफलता सिवनी के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जो उन्हें अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी।



