सिवनी जम्बो सीताफल बनेगा किसानों की समृद्धि का आधार, जीआई टैग से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजार की राह होगी आसान
सीताफल से समृद्धि’ अभियान में पौधों की गणना, किसान पंजीयन अंतिम चरण में; मार्केटिंग, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और निर्यात पर होगी जिला स्तरीय कार्यशाला
सिवनी जम्बो सीताफल बनेगा किसानों की समृद्धि का आधार, जीआई टैग से बढ़ेंगी बाजार की संभावनाएं
Seoni, 20 September 2026
सिवनी यशो:- एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) के तहत चयनित एवं जीआई टैग प्राप्त सिवनी जम्बो सीताफल जिले के किसानों की समृद्धि का आधार बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सीताफल की विशिष्ट पहचान को व्यापक बाजार से जोड़ने और किसानों को उनके उत्पादन का बेहतर मूल्य दिलाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देशन में ‘सीताफल से समृद्धि’ अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत जिले में सीताफल के पौधों की गणना, सर्वेक्षण एवं उत्पादक किसानों के पंजीयन का कार्य कराया जा रहा है, जो अब अंतिम चरण में पहुंच गया है।
जीआई टैग से बनेगी सिवनी जम्बो सीताफल की अलग पहचान
सिवनी जम्बो सीताफल को प्राप्त जीआई टैग इसकी विशिष्ट पहचान को प्रमाणित करता है। इसके माध्यम से जिले के सीताफल को स्थानीय बाजार से आगे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाएं बढ़ी हैं।
अभियान के तहत इसी संभावना को किसानों की आय से जोड़ने के लिए सीताफल की पूरी वैल्यू चेन विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। उत्पादन के साथ संग्रहण, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन, ब्रांडिंग और विपणन को बढ़ावा देकर किसानों को बेहतर बाजार एवं बेहतर मूल्य उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
मार्केटिंग से निर्यात तक होगी विशेष कार्यशाला
अभियान के आगामी चरण में किसानों एवं सीताफल से जुड़े हितधारकों के लिए जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें सीताफल उत्पादक किसान, विक्रेता, एफपीओ सदस्य, खाद्य प्रसंस्करण उद्यमी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे।
कार्यशाला में नाबार्ड, कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) सहित संबंधित संस्थाओं एवं विशेषज्ञों को भी जोड़ा जाएगा।
इस दौरान सीताफल की मार्केटिंग, प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन, पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं निर्यात की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा होगी। किसानों को प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना, वित्तीय सहायता, बाजार की मांग तथा बड़े खरीदारों एवं निर्यात बाजार से जुड़ने के अवसरों की जानकारी दी जाएगी।
कार्यशाला का उद्देश्य किसानों, वित्तीय संस्थाओं, प्रसंस्करण उद्यमियों और बाजार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि जीआई टैग प्राप्त सिवनी जम्बो सीताफल को मजबूत ब्रांड के रूप में विकसित किया जा सके।
शेष किसान शीघ्र कराएं पंजीयन
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने जिले के ऐसे सभी सीताफल उत्पादक किसानों से अपील की है, जिनका अभी तक सर्वेक्षण अथवा पंजीयन नहीं हुआ है, वे शीघ्र अपना पंजीयन कराएं।
पौधा गणना एवं किसान पंजीयन से जिले में सीताफल उत्पादन की वास्तविक स्थिति का सटीक आंकड़ा तैयार होगा। यही आंकड़े भविष्य में सीताफल की मार्केटिंग, प्रसंस्करण एवं निर्यात की व्यापक कार्ययोजना तैयार करने में महत्वपूर्ण आधार बनेंगे।
शेष सीताफल उत्पादक किसान मोबाइल नंबर 9098431856 एवं 9713448994 पर संपर्क कर पंजीयन एवं अभियान से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में पहल
‘सीताफल से समृद्धि’ अभियान के माध्यम से सिवनी के जीआई टैग प्राप्त जम्बो सीताफल को बाजार की नई संभावनाओं से जोड़ने, किसानों की आय बढ़ाने और सीताफल आधारित स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में पहल की जा रही है। उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और निर्यात तक पूरी मूल्य श्रृंखला विकसित होने से सिवनी के सीताफल को नई बाजार पहचान मिलने की संभावनाएं बन रही हैं।
यह भी पढ़े :-
सिद्धपीठ श्री ज्वाला देवी मंदिर में 159वां संगीतमय सुंदरकांड पाठ सम्पन्न
7,400 से ज्यादा विद्यार्थियों को मिलेगी ई-स्कूटी, मेधावी छात्रों को CM मोहन यादव की बड़ी सौगात
आज से MP में मकान-प्लॉट की फ्री रजिस्ट्री शुरू, 50 लाख ग्रामीणों को मिलेगा मालिकाना हक



