वर्तमान नियुक्ति व्यवस्था रहेगी कायम, कर्मचारी कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता; पदोन्नति, भर्ती और अनुकंपा नियुक्ति पर भी मुख्यमंत्री ने रखी बात
Bhopal, 24 November 2026
भोपाल यशो:- मध्यप्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से बाहर किए जाने की चर्चाओं पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विराम लगाते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को बाहर नहीं किया जाएगा। इस संबंध में फैलाई जा रही बातें भ्रामक हैं।
आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति के संबंध में वर्तमान में जारी व्यवस्था यथावत कायम रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारी कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कर्मचारियों का सम्मान एवं उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित संवाद भवन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष रमेश शर्मा के नेतृत्व में लगभग 40 कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया।
कर्मचारी संगठनों ने शासकीय सेवाओं में नियुक्ति एवं कार्यरत कर्मचारियों के लिए दो संतान की सीमा संबंधी नीति को अनिवार्य रूप से समाप्त करने, पदोन्नति तथा वेतन-भत्तों में वृद्धि सहित विभिन्न कल्याणकारी निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
कर्मचारियों की खुशहाली से ही प्रदेश की प्रगति
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसी भी सरकार की ताकत और पहचान उसके कर्मचारियों की बुलंदी से होती है। कर्मचारियों के चेहरों पर मुस्कान होगी, तभी प्रदेश प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए राज्य सरकार और अधिकारी-कर्मचारी एक परिवार की तरह मिलकर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार नीतियां बनाती है और योजनाएं तैयार करती है, लेकिन उनका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर्मचारी ही करते हैं। इसलिए कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा का ध्यान रखना आवश्यक है।
दो संतान की सीमा समाप्त करना ऐतिहासिक निर्णय
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने शासकीय सेवकों के लिए दो संतान की सीमा संबंधी नीति को समाप्त करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इसी प्रकार सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदों पर पदोन्नति के मामले में निर्धारित कुछ शर्तों के साथ सीपीसीटी की अनिवार्यता से छूट प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में रिक्त पदों पर भर्ती का क्रम जारी रहेगा। प्रदेश के विभिन्न विभागों में एक लाख से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। इससे अनेक विभागों में युवा और ऊर्जावान कर्मचारियों को आगे बढ़ने का अवसर मिला है।
अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का तेजी से हो रहा निराकरण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के हित में कम्प्यूटर प्रोफिशिएंसी सर्टिफिकेट टेस्ट सहित लगभग 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण किया है। कर्मचारियों को मिलने वाले वेतन और भत्तों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि दिवंगत शासकीय सेवकों के परिवारों को आर्थिक संबल देने के लिए अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। इस दिशा में विभागों के बीच सकारात्मक प्रतिस्पर्धा भी देखने को मिल रही है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा ही एक हजार से अधिक अनुकंपा नियुक्तियां प्रदान की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महंगाई भत्ता दिए जाने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य से सहमति लेने की पुरानी असंगत प्रथा को भी समाप्त किया गया है। कर्मचारियों की समस्याओं और उनके विभिन्न विषयों को गंभीरता से समझने के लिए मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग का गठन किया गया है।
मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता से कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का निराकरण
भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं का निराकरण कर संवेदनशीलता का परिचय दिया है। मध्यप्रदेश सरकार अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ देने के मामले में अग्रणी रही है। प्रदेश के विभिन्न विभागों में सरकारी नियुक्तियां भी की जाएंगी और अलग-अलग कर्मचारी वर्गों की वेतन विसंगतियों का निराकरण किया गया है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का इकलौता राज्य है, जहां कर्मचारी कल्याण आयोग और कर्मचारी कल्याण समिति दोनों कार्यरत हैं। दिवंगत शासकीय सेवकों के परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति का लाभ मिल रहा है। कर्मचारियों के परिवारों के हित में दो संतान की सीमा समाप्त करने का निर्णय भी महत्वपूर्ण है।
40 कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि रहे उपस्थित
अभिनंदन समारोह में मध्यप्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष संतोष कुमार गांधी, म.प्र. लघु वेतन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, म.प्र. शिक्षक कांग्रेस के अध्यक्ष नवीन चतुर्वेदी, म.प्र. राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष हेमंत श्रीवास्तव, म.प्र. अनुसूचित जाति जनजातीय अधिकारी-कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष मुकेश मौर्य, संविदा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रमेश राठौर, म.प्र. सचिवालय मंत्रालय शीघ्रलेखक संघ के अध्यक्ष सुभाष वर्मा, नगर निगम एवं नगर पालिका कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोलंकी, म.प्र. ग्रामीण कृषि अधिकारी संघ के संरक्षक मनोहर गिरि तथा वाहन चालक संघ के प्रदेशाध्यक्ष मनोज कुमार सहित भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र श्रीवास्तव ने किया।