मप्र में अपराध का केन्द्र बना छिन्दवाड़ा- उपाध्याय
राजनीतिक व सामाजिक ठेकेदार बनकर झाड़ रहे गुंडागर्दी
Chhindwara 16 May 2025
छिंदवाड़ा यशो:- भाजपा सरकार और उसके नेता हमेशा ही विपक्षहीन सरकार चाहते हैं, ताकि बेरोक टोक उनकी मनमानी व बदजुबानी आमजन पर चलती रहे और कोई सवाल ना उठाए। किन्तु जनविरोधी नीतियों के साथ ही भाजपाई दहशतगर्दी के खिलाफ कांग्रेस आवाज उठाती है तो भाजपा के आपराधिक प्रवृत्ति वाले नेता उसे नया रंग देने में जुट जाते हैं। उक्त उदगार आज नितिन उपाध्याय कांग्रेस जिला प्रवक्ता ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से व्यक्त किए।
श्री उपाध्याय ने कहा कि वर्तमान में छिन्दवाड़ा सम्पूर्ण प्रदेश में अपराध का गढ़ बन गया है। आए दिन मारपीट, लूट, हत्या और महिलाओं से सम्बंधित आपराधिक गतिविधियां देखी जा सकती है। एक तरफ भाजपा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देती है और दूसरी तरफ महिलाएं शहर में सुरक्षित नहीं है। जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण है शहर के पोला ग्राउंड के पास एक वरिष्ठ भाजपा नेता और उनके पुत्र शिखर पांडे व शिवाय पांडे द्वारा वहां आए एक युवक व उसके परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया और गुंडागर्दी की। पुलिस की मौजूदगी में वर्दी को ठेंगा दिखाकर कानून की धज्जियां उड़ाते हुए अपशब्दों का प्रयोग करते हुए गलीछाप गुंडों की तरह मारपीट करना पिता-पुत्रों को शोभा नहीं देता।
पहले से ही चौपट हुई कानून व्यवस्था को और चौपट कर रहे भाजपा नेता व उनके दोनों पुत्रों के खिलाफ सिर्फ अपराध पंजीबद्ध करने से काम नहीं चलेगा। समाज व किसी भी राजनीतिक दल में ऐसे लोगों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। जो खुले तौर पर गुंडागर्दी करते हैं। जनता ने पार्षद चुनकर सेवा का अवसर दिया, इसका यह अर्थ कतई नहीं की आप खुलेआम सार्वजनिक स्थलों पर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए जनता पर धौंस जमाएं।
किसी युवा के हाथ में खिलौने वाली पिस्टल को देखकर शिवाय पांडे एवं भाजपा युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष शिखर पांडे अपने पिता की धौंस दिखाते हुए मारपीट कर दहशत फैलाते हैं, पुलिस पहुंचती है तो धमकी देते हैं। पद व कद बताने वाले भाजपाई नेता चाहते हैं कि जिले में इनकी गुंडागर्दी चलती रहे और विपक्ष पूरी तरह से मौन बना रहे, किन्तु जब-जब छिन्दवाड़ा जिले की फिजा में अपराध, अराजकता व महिला सम्बंधित अपराधों का जहर घोलने की कोशिश की जाएगी तब-तब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ एवं नकुलनाथ जिले की शांति के लिए मुखर होकर सवाल उठाएंगे, क्योंकि विगत 45 वर्षों में ऐसे दृश्य जनता ने कभी नहीं देखे। किसी चुने हुए नेता ने अपना सम्पूर्ण स्तर, जमीर जमीन पर गिराते हुए जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य अपराधों को अंजाम दिया हो। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. श्री मोहन यादव व भाजपा संगठन के संरक्षण में जिले के भीतर भाजपाई दहशतगर्दी हावी हो चुकी है जिसे शांत करना नितांत आवश्यक हो चुका है, अन्यथा ये लोग पुलिस व कानून व्यवस्था को हाथ में लेकर खिलौने की तरह खेलने लगेंगे।



