तीन दिवसीय आयोजन में नेचर ट्रेल, पार्क सफारी और ट्रेजर हंट के जरिए विद्यार्थियों ने समझी जंगल की दुनिया
Chhindwara, 07 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- पेंच राष्ट्रीय उद्यान, सिवनी में आयोजित राज्य स्तरीय मोगली बाल उत्सव में छिंदवाड़ा जिले के चार विद्यार्थियों ने सहभागिता कर प्रकृति, वन्यजीवों और जैव विविधता को करीब से जानने का अवसर प्राप्त किया। तीन दिवसीय इस आयोजन में विद्यार्थियों ने जंगल की सैर के दौरान वन्यजीवों का दीदार किया। इस दौरान पेंच के जंगल में बाघ को देखकर मोगली मित्रों का उत्साह और रोमांच देखते ही बना।
जिला शिक्षा अधिकारी जे.के. इडपाचे के मार्गदर्शन में जिले के मोगली मित्रों ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण पर केंद्रित विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन के प्रथम दिन पार्क सफारी के माध्यम से विद्यार्थियों ने जंगल के वन्यजीवों और वनस्पतियों को नजदीक से देखा तथा उनकी विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की।
दूसरे दिन आयोजित नेचर ट्रेल में विद्यार्थियों ने पौधों की विभिन्न प्रजातियों को समझा और प्रकृति भ्रमण का आनंद लिया। वहीं तीसरे दिन ट्रेजर हंट और हैबिटाट सर्च गतिविधियों के माध्यम से अलग-अलग जीवों के प्राकृतिक रहवास को बारीकी से समझा। जंगल में छिपे प्राकृतिक खजाने को खोजने और उसके बारे में जानने के दौरान बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
चार विद्यार्थियों ने किया जिले का प्रतिनिधित्व
राज्य स्तरीय मोगली बाल उत्सव में छिंदवाड़ा जिले से सहजकर्ता के रूप में विनोद तिवारी, धीरेंद्र दुबे एवं श्रीमती ममता पटले शामिल हुए। उन्होंने आयोजन की विभिन्न गतिविधियों के संचालन और व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया।
जिले से मोगली मित्रों के रूप में आयुष झा (शासकीय माध्यमिक शाला माथनी), दिया बेलवंशी (सांदीपनि विद्यालय न्यूटन चिखली), चमन मर्रापा एवं दीक्षा परानी (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खिरसाडोह) ने सहभागिता की। विद्यार्थियों के साथ मार्गदर्शी शिक्षिका श्रीमती ललिता पवार भी उपस्थित रहीं। आयोजन ने विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर प्रकृति और वन्यजीवों को प्रत्यक्ष रूप से समझने का महत्वपूर्ण अनुभव दिया।