छिंदवाड़ा-पांढुर्णा में अल्पवर्षा से गहराते जल संकट पर जताई चिंता; कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अपर कलेक्टर को सौंपा पत्र, त्वरित कार्रवाई की मांग
Chhindwara 06 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:-छिंदवाड़ा-पांढुर्णा जिले में गहराते पेयजल संकट को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि अल्पवर्षा और लगातार गिरते जलस्तर के चलते आगामी ग्रीष्मकाल में पेयजल की समस्या और विकराल हो सकती है। इधर, जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने कमलनाथ का पत्र अपर कलेक्टर को सौंपकर जिले के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए त्वरित कार्रवाई की मांग की।
कमलनाथ ने अपने अर्द्धशासकीय पत्र क्रमांक 350 में उल्लेख किया है कि छिंदवाड़ा-पांढुर्णा जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अल्पवर्षा के कारण जलस्रोतों का जलस्तर लगातार घट रहा है। कई क्षेत्रों में सूखे जैसी स्थिति बनने लगी है और पेयजल की समस्या गंभीर रूप धारण कर रही है। उन्होंने चेताया कि समय रहते आवश्यक इंतजाम नहीं किए गए तो गर्मी के मौसम में आमजन को पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
निकायों और पंचायतों के लिए मांगी बजट राशि
पूर्व मुख्यमंत्री ने पेयजल संकट से निपटने के लिए स्थानीय निकायों और पंचायतों को पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने नगर निगम छिंदवाड़ा के लिए 5 करोड़ रुपये, जिले की प्रत्येक नगर पालिका के लिए 2 करोड़ रुपये, प्रत्येक जनपद पंचायत के लिए 2 करोड़ रुपये तथा प्रत्येक नगर पंचायत के लिए 1 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की मांग की है।
इस राशि से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार नए जलस्रोत विकसित करने, नलकूप खनन, पेयजल परिवहन, पाइपलाइन विस्तार, जल संरचनाओं के निर्माण और अन्य जरूरी कार्य कराए जा सकेंगे। कमलनाथ का कहना है कि समय रहते धनराशि उपलब्ध होने से स्थानीय स्तर पर पेयजल संकट से निपटने के प्रभावी इंतजाम किए जा सकते हैं।
अपर कलेक्टर को सौंपा पत्र, कार्रवाई की मांग
कमलनाथ द्वारा मुख्यमंत्री को लिखे गए पत्र को जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने अपर कलेक्टर को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पेयजल संकट की गंभीरता को देखते हुए शासन स्तर पर शीघ्र निर्णय लिया जाए और नगर निगम, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों एवं जनपद पंचायतों को आवश्यक राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि छिंदवाड़ा-पांढुर्णा के नागरिकों को आगामी गर्मी में पेयजल की परेशानी से बचाया जा सके।