दुकानदारों को लाइसेंस की शर्तों का पालन करने और अग्निशमन यंत्र रखने के निर्देश, सुरक्षित भंडारण पर दिया जोर
सिवनी यशो :- दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर के फटाका बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस सक्रिय हो गए हैं। इसी क्रम में एडीएम नीलमणि अग्निहोत्री एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा ने कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन के समीप स्थित फटाका बाजार का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फटाका दुकानों में सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आतिशबाजी के कारोबार में सुरक्षा मानकों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। सभी दुकानदार लाइसेंस की शर्तों का अनिवार्य रूप से पालन करें तथा प्रत्येक दुकान में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखें।
अधिकारियों ने पटाखों के सुरक्षित भंडारण और विक्रय को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, ताकि दीपावली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।
इस दौरान कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी सहित पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।