जलप्रदाय व्यवस्था की विकास टोली ने की समीक्षा, वाल्वमैन और नल चालकों को नियमित निगरानी की जिम्मेदारी
Chhindwara, 20 November 2026
छिन्दवाड़ा यशो:- शहर में जलप्रदाय व्यवस्था को सुचारू बनाने और पानी की बर्बादी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम के महापौर कक्ष में विकास टोली की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जलप्रदाय विभाग के अधिकारियों एवं इंजीनियरों के साथ शहर की पेयजल व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई और पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
बैठक में महापौर विक्रम अहके, भाजपा जिला महामंत्री विजय पांडे, कार्यालय मंत्री भारत घई, सभापति प्रमोद शर्मा एवं टोली सदस्य अभिनव मनोज कुशवाह उपस्थित रहे।
बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी वाल्वमैन एवं नल चालक जलप्रदाय के निर्धारित समय में अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करें और पानी की आपूर्ति पर सतत निगरानी रखें। कहीं भी पानी व्यर्थ बहता हुआ पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि पेयजल की बर्बादी रोकी जा सके।
इसके साथ ही जिन क्षेत्रों में जलापूर्ति की अतिरिक्त आवश्यकता हो, वहां टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे नागरिकों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।
बैठक में जलप्रदाय व्यवस्था में कर्मचारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया गया। स्पष्ट किया गया कि निर्धारित दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। विकास टोली ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलप्रदाय व्यवस्था की नियमित निगरानी करते हुए नागरिकों को समय पर और व्यवस्थित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।