मकर संक्रांति पर फिर सजेगा छिंदवाड़ा का आसमान, सांसद पतंग महोत्सव का आयोजन
14 जनवरी को पोला ग्राउंड में उमड़ेगा पतंग प्रेमियों का सैलाब
Chhindwara 09 January 2026
छिंदवाड़ा यशो:- मकर संक्रांति के पावन अवसर पर छिंदवाड़ा में एक बार फिर रंग-बिरंगी पतंगों से आसमान सजने जा रहा है। सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी 14 जनवरी को पोला ग्राउंड, छिंदवाड़ा में सांसद पतंग महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन न केवल उत्सव और मनोरंजन का माध्यम बनेगा, बल्कि पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सशक्त पहल भी है। हाल ही में संपन्न हुए सांसद खेल महोत्सव में भी कबड्डी, खो-खो जैसे पारंपरिक खेलों को प्रमुखता दी गई, जिसमें हजारों खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सांसद साहू द्वारा पिछले वर्ष आयोजित सांसद पतंग महोत्सव में भी बड़ी संख्या में पतंग प्रेमियों ने हिस्सा लिया था और मकर संक्रांति का पर्व उत्साह व उमंग के साथ मनाया गया था। इस वर्ष भी आयोजन को लेकर नागरिकों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजकों के अनुसार यह महोत्सव सामाजिक समरसता, पारंपरिक संस्कृति और खेल भावना को मजबूती प्रदान करेगा।



