कलेक्टर की सख्ती: ठेकेदारों पर गिरेगी गाज, ब्लैकलिस्ट और टर्मिनेशन के निर्देश जारी
निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर कलेक्टर नाराज़, सभी विभागों की बैठक में दिए सख्त आदेश
कलेक्टर की सख्ती: ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट और टर्मिनेशन के निर्देश
छिंदवाड़ा यशो :- कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण ने कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक को दो सत्रों में आयोजित किया गया, जिसमें सड़क एवं भवन निर्माण से जुड़े सभी प्रमुख विभागों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
पहले सत्र में लोक निर्माण विभाग, सेतु निर्माण, एमपी रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यों की समीक्षा की गई, जबकि दूसरे सत्र में जनजातीय कार्य विभाग, म.प्र. हाउसिंग बोर्ड और लोक निर्माण विभाग (भवन) के निर्माण कार्यों की स्थिति पर चर्चा हुई।
ठेकेदारों पर कार्रवाई के सीधे आदेश
कलेक्टर श्री नारायण ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो निर्माण कार्य समय सीमा पार होने के बाद भी अधूरे हैं, उन मामलों में लापरवाह ठेकेदारों को तत्काल टर्मिनेट किया जाए और उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत विलंबित कार्यों पर संविदाकारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
वर्षाकाल से पहले पूरे हों प्रमुख कार्य
कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि जो सड़क एवं निर्माण कार्य पूर्णता के करीब हैं, उन्हें वर्षाकाल से पहले हर हाल में पूरा किया जाए।
इसके साथ ही पुल निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए, ताकि बरसात के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मटकुली मार्ग पर सुरक्षा उपाय तुरंत लागू करने के आदेश
छिंदवाड़ा–मटकुली मार्ग पर सुरक्षा को लेकर कलेक्टर ने सड़क विकास निगम विभाग को तत्काल आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
जलमग्न पुल-पुलियों की सूची तैयार करने के निर्देश
कलेक्टर ने वर्षाकाल में जलभराव से प्रभावित होने वाले पुल-पुलियों की विस्तृत सूची शीघ्र तैयार करने को कहा, जिससे आवश्यकतानुसार राजस्व एवं कोटवारों की ड्यूटी लगाई जा सके और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो।
साफ संदेश: अब देरी नहीं चलेगी
कलेक्टर की इस बैठक से स्पष्ट हो गया है कि जिले में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त मोड में आ चुका है।


