ढाबा संचालक पर जानलेवा हमला: अज्ञात से ज्ञात हुए आरोपी, पुलिस ने 3 को किया गिरफ्तार
Chhidwara 05 February 2026
छिंदवाड़ा यशो:- छिंदवाड़ा जिले में ढाबा संचालक पर जानलेवा हमला करने वाले अज्ञात आरोपियों को पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में ज्ञात कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। देहात थाना पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार और चाकू जब्त किए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक छिंदवाड़ा का नियमित कर्मचारी बताया जा रहा है।
रात में ढाबे पर गाली-गलौज के बाद हुआ जानलेवा हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी महेश यादव (उम्र 45 वर्ष), निवासी छिंदवाड़ा, जो मूड फूड ढाबा में खाना बनाने का कार्य करता है, ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना 18 दिसंबर 2025 की रात करीब 1 बजे की है, जब ढाबे के बाहर से गाली-गलौज की आवाजें आने लगीं।
ढाबा संचालक रविराज सिंह द्वारा गालियां देने से मना करने पर काली रंग की कार से आए 3–4 युवकों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए महेंद्र उर्फ राजा कैथवास के साथ भी डंडों से मारपीट की गई, जबकि एक आरोपी ने चाकू से वार कर प्रार्थी को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
अपराध पंजीबद्ध, धाराओं में हुआ इजाफा
घटना की रिपोर्ट पर थाना देहात में अपराध क्रमांक 599/25 अंतर्गत धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। बाद में चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर मामले में धारा 118(2) बीएनएस का इजाफा किया गया।
CCTV फुटेज और साइबर सेल से खुला मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के निर्देशन में थाना प्रभारी देहात द्वारा विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने घटना स्थल एवं आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान कर उनके खाते सीज किए गए। लगातार दबिश के बाद 03 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
चाकू और कार जब्त, एक आरोपी नियमित कर्मचारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू एवं कार क्रमांक MP-28-5566 को जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी छिंदवाड़ा का नियमित कर्मचारी बताया गया है, जिससे मामले को लेकर और भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की आपराधिक घटनाओं पर शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



