नपा विशेष सम्मिलन : ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने का निर्णय
सुझावों की गूंज के बीच अध्यक्ष ने जताई चिंता, 10 प्रस्तावों पर बनी सहमति
Seoni 11 June 2025
सिवनी यशो:- नगर पालिका परिषद सिवनी का विशेष सम्मिलन बुधवार, 11 जून को दोपहर 3 बजे नगर पालिका कार्यालय भवन में अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। सम्मिलन में 10 महत्त्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया, जिनमें शहरी विकास, स्वच्छता, जलप्रदाय, निर्माण कार्य तथा अमृत 2.0 योजना से जुड़े विषय प्रमुख रहे।
अध्यक्ष की स्पष्ट चेतावनी: काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
चर्चा के दौरान अध्यक्ष श्री सनोडिया ने परिषद के कुछ कर्मचारियों की कार्यशैली पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि, “जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय कुछ कर्मचारी टेबल तोडऩे का काम कर रहे हैं और इसका दोष मुझ पर मढ़ा जा रहा है।” उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइटों की बंद स्थिति और सफाई व्यवस्था की गिरती दशा पर सुधार नहीं किया जा रहा है, जबकि नगरवासियों की अपेक्षाएं लगातार बढ़ रही हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन संविदाकारों द्वारा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता या समयबद्धता नहीं बरती जाएगी, उनके ठेके निरस्त किए जाएंगे।
बैठक की विषयवस्तु से भटकी चर्चा, कांग्रेस पार्षद रहे अनुपस्थित
हालांकि बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर विकास संबंधी प्रस्तावों पर चर्चा करना था, किंतु प्रारंभिक समय में विषय से हटकर टिप्पणियां देखने को मिलीं। बैठक में कांग्रेस के पार्षदों ने पूर्व की भांति इस बार भी उपस्थित होकर सहभागिता नहीं की।
प्रमुख प्रस्ताव जिन पर बनी सहमति
बैठक में जिन प्रस्तावों पर चर्चा हुई, उनमें से प्रमुख बिंदु निम्नलिखित रहे:
ब्लीचिंग पाउडर एवं एलम की आपूर्ति में लापरवाही करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने का निर्णय।
जलप्रदाय, स्वच्छता, विद्युत और निर्माण कार्यों हेतु आवश्यक सामग्री क्रय की प्रक्रिया पर विचार।
स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत ग्राम छिडिय़ा पलारी में एम.आर.एफ. इकाई के विस्तारीकरण हेतु मशीनों की खरीदी पर चर्चा।
स्वच्छता कार्यों हेतु 30 आउटसोर्स कर्मियों की एक वर्षीय नियुक्ति पर सहमति।
अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत मठ तालाब की बाड़ी रीजुविनेशन डीपीआर का पुनरीक्षण।
पानी टंकी निर्माण के प्रस्तावित स्थलों के अनुमोदन।
विकास कार्यों हेतु परामर्शदाता एवं आर्किटेक्ट/फर्म की नियुक्ति।
निर्माण/मरम्मत कार्यों में उपयोग होने वाली सामग्री हेतु वार्षिक निविदा की स्वीकृति।
उपस्थित पार्षदों ने सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया।
वर्षा पूर्व तैयारियों पर भी हुई चर्चा
सम्मिलन से पूर्व परिषद के कुछ पार्षदों ने नगर में नालों की सफाई, कच्ची सड़कों की मरम्मत और जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर चिंताएं साझा कीं। इस पर सीएमओ विशाल सिंह मस्कोले ने अवगत कराया कि नालों की सफाई अभियान निरंतर जारी है और पार्षदों की मांगों पर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।
इनकी रही सक्रिय उपस्थिति
बैठक में उपाध्यक्ष श्रीमती डॉली अमित डागौर, पार्षद विजय गोलू पंडित, राजेश राजू यादव, संजय भलावी, रविशंकर गुड्डा भांगरे, श्रीमती मालती बाबा पांडे, श्रीमती रामकुमारी बरमैया, श्रीमती राजश्री बास्सा, श्रीमती जीतू तरुण श्रीवास, श्रीमती गोविंदी रवि सैयाम, सुश्री साक्षी डागोरिया सहित निकाय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



