कक्काजी के बयान पर विधायक भड़के, कहा- मातृशक्ति का अपमान बर्दाश्त नहीं!
“महिला सदैव सम्माननीय, ऐसी अमर्यादित भाषा किसान हित की लड़ाई को भी कमजोर करती है” — विधायक
कक्का जी के बयान पर विधायक दिनेश राय मुनमुन ने की निंदा
Seoni 10. September 2026
सिवनी यशो:- राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा ‘कक्का जी’ द्वारा सिवनी में आयोजित किसान जागरण यात्रा के दौरान महिला अधिकारी एवं कर्मचारी को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी पर सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसकी तीखी निंदा की है।
विधायक की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि किसान जागरण यात्रा के दौरान सभा में ज्ञापन सौंपने के विषय को लेकर सिवनी में पदस्थ महिला अधिकारी एवं कर्मचारी की तुलना पालतू कुतिया से किए जाने संबंधी टिप्पणी की गई। विधायक ने इस भाषा को बेहद शर्मनाक और अमर्यादित बताते हुए इसकी कड़ी भर्त्सना की।
“महिला का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं”
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि महिला सदैव सम्माननीय होती है। सार्वजनिक मंच से किसी महिला अधिकारी अथवा कर्मचारी के प्रति इस तरह की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि किसानों के मुद्दों को लेकर आंदोलन करना लोकतांत्रिक अधिकार है और किसान अपनी मांगों को पूरी मजबूती से रख सकते हैं, लेकिन आंदोलन के नाम पर व्यक्तिगत अथवा अमर्यादित टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जा सकतीं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल करने वाला व्यक्ति किसानों का सच्चा हितैषी होने का दावा नहीं कर सकता।
किसान हित की लड़ाई पर विधायक का समर्थन
विधायक ने कहा कि किसान हित में आंदोलन और किसानों की मांगों को उठाना स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि वे किसानों की मांगों का समर्थन करते हैं और किसान बंधु अपनी बात रखने के लिए स्वतंत्र हैं।
हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अपनी राजनीति चमकाने के लिए अमर्यादित शब्दों का सहारा लेना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
“बच्चों को क्या संस्कार देंगे?”
विधायक ने सार्वजनिक जीवन में भाषा और व्यवहार की मर्यादा बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं सिवनी विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए अच्छा संदेश नहीं देतीं।
उन्होंने कहा कि यदि सार्वजनिक मंचों से इस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाएगा, तो सवाल उठता है कि हम आने वाली पीढ़ी और अपने बच्चों को आखिर कौन से संस्कार देंगे?
विधायक ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह अपनी बात मजबूती से रखे, लेकिन सम्मान, गरिमा और मर्यादा की सीमा को पार न करे।
किसान नेता का पक्ष मिलने पर प्रमुखता से प्रकाशित होगा
इस मामले में किसान जागरण यात्रा के दौरान उठाई गई मांगों का विस्तृत ज्ञापन अथवा उसकी प्रति फिलहाल उपलब्ध नहीं हो सकी है। इसी कारण समाचार में आंदोलन की मांगों के संबंध में कोई अपुष्ट अथवा अनुमान आधारित जानकारी शामिल नहीं की गई है। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा ‘कक्काजी’ की ओर से विधायक दिनेश राय मुनमुन की प्रतिक्रिया अथवा इस विवादित टिप्पणी के संबंध में जो भी अधिकृत प्रतिक्रिया प्राप्त होगी, उसे भी समाचार में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
यह भी पढ़े :-
मेडिकल स्टोर्स पर कार्रवाई: गहलोद मेडिकल का लाइसेंस निलंबित, 4 दुकानों को नोटिस
विश्व प्रसिद्ध गोटमार मेला आज: पांढुर्ना और सावरगांव के लोग आमने-सामने
चोरी की शिकायत दर्ज नहीं करने का आरोप, देहात थाना पुलिस पर गंभीर सवाल



