खेलमंडला

नक्सल प्रभावित क्षेत्र में फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन

मवई की टीम बनी विजेता, 30 टीमों ने लिया हिस्सा

Mandla 02 September 2025

मंडला यशो:- मंडला पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित 5-दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सोमवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य नक्सल प्रभावित ग्रामीण अंचलों के युवाओं को खेलों से जोड़ना, अनुशासन व टीम भावना विकसित करना और पुलिस व समुदाय के बीच विश्वास की डोर मजबूत करना था।

इस प्रतियोगिता में स्थानीय स्कूल, कॉलेज, ग्राम और मोहल्लों की कुल 30 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में ग्राम मवई और धनगांव की टीमों के बीच कड़ी टक्कर हुई, जिसमें मवई ने जीत दर्ज कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि धनगांव उपविजेता रहा।

समापन समारोह में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सरपंच, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल से सम्मानित किया गया। साथ ही “सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी”, “सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर” और “उभरता खिलाड़ी” जैसे व्यक्तिगत पुरस्कार भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान मंडला पुलिस ने जनजागरूकता स्टॉल लगाकर कानून, साइबर सुरक्षा और पुलिस सेवा में करियर विकल्पों की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने इसे युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास बताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजन लगातार कराने की घोषणा की।

खेल दिवस पर महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए पुलिस ने कहा कि खेल केवल जीत का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन और मानवीय मूल्यों का मार्ग है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!