आज से शहर में फिर चलेगी अतिक्रमण हटाने की मुहिम, राजस्व और निगम की टीम हटाएगी अतिक्रमण
Chhindwara 29 May 2025
छिंदवाड़ा यशो:- नगर निगम और राजस्व की टीम आज शुक्रवार से शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान की बड़ी मुहिम प्रारंभ की जा रही है। सड़कों पर लग रहे ठेलों के चलते बार हो रहे जाम और एक्सीडेंट की आशंका के चलते सबसे पहले यह अतिक्रमण हटाये जाएंगे। शहर के व्यस्तम क्षेत्र फव्वारा चौक और छोटी बाजार में भी अतिक्रमण हटाये जाएंगे या नहीं इसको लेकर चर्चा चल रही है। हालाकि अतिक्रमण हटाओ अभियान आज 30 मई से प्रारंभ किया जा रहा है। कमिश्रर सी.पी. राय ने बताया कि कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह के निर्देश पर अतिक्रमण हटाए जाने की रूपरेखा बनाई गई है।
उल्लेखनीय है कि जिला कलेक्टर शीलेंद्र सिंह के निर्देश पर नगर निगम सभाकक्ष में शहर में फैले अतिक्रमण को हटाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी इस बैठक में नगर निगम महापौर विक्रम अहके, निगमायुक्त चंद्रप्रकाश राय एवं छिंदवाड़ा एसडीएम सुधीर जैन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे जबकि पुलिस विभाग की ओर से यातायात प्रभारी राकेश कुमार तिवारी उपस्थित रहे। इस बैठक में आगामी दिवसों कार्यवाही की रूपरेखा भी बनाई गई। नगर निगम कमिश्रर चंद्रप्रकाश राय ने बताया कि ऐसे वाहन जो सड़क पर खड़े हो रहे है, उन पर लगातार चालानी कार्यवाही की जाएगी। बैठक में एसडीएम सुधीर जैन ने निर्देश दिए है कि अतिक्रमणकारियों को विद्युत कनेक्शन न दिए जाए इसके साथ ही पूर्व में दिए विद्युत कनेक्शन भी काटे जाए। विभिन्न अवसरों पर शहर के डिवाइडर के बीच में अवैध रूप से होर्डिंग एवं फ्लेक्स लगाए जा रहे इन्हें लगातार हटाने एवं इन पर कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए।
शहर में चला व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की तैयारियों के अंतर्गत नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। महापौर विक्रम अहाके एवं आयुक्त सी.पी. राय के मार्गदर्शन में सिद्धि विनायक वेस्ट मैनेजमेंट की टीम द्वारा वार्डों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें नागरिकों को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। वार्ड क्रमांक 41 दीनदयाल पार्क व खंडेरा चौक में सिंगल-यूज प्लास्टिक के दुष्परिणाम पर जानकारी दी गई और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गई। नागरिकों को कचरे के वर्गीकरण गीला, सूखा, सेनेटरी वेस्ट एवं घरेलू हानिकारक कचरे के बारे में बताया गया।वार्ड क्रमांक 42 बस स्टैंड में रेड स्पॉट की समस्या को समझाया गया।
बताया गया कि सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाना न केवल बीमारियों का कारण बनता है, बल्कि शहर की सुंदरता भी खराब करता है। वार्ड क्रमांक 18 में स्वच्छता महुआ एप के उपयोग की जानकारी दी गई तथा सफाईमित्र सुरक्षा चैलेंज के अंतर्गत सेप्टिक टैंक सफाई हेतु सुरक्षा किट के उपयोग का महत्व समझाया गया। नागरिकों से फीडबैक लेकर स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।



