देवी अहिल्याबाई होल्कर ने समाज को सफल नेतृत्व दिया- हितानंद शर्मा
300वीं जयंती पर संगोष्ठी का आयोजन , संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं से सतत संपर्क बनाए रखें
Chhindwara 26 May 2025
छिन्दवाड़ा यशो:- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानन्द शर्मा ने सोमवार को छिंदवाड़ा भाजपा कार्यालय में जिला कोर कमेटी, मंडल अध्यक्षों एवं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सहित जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्षों की बैठक को संबोधित कर चौरई में देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित किया। पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि हमें संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए काम करना है। संगठन की मजबूती के लिए हमें कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क और संवाद बनाए रखना है। देवी अहिल्या बाई होल्कर ने समाज व राष्ट्र उत्थान के कार्यों में आदर्श स्थापित किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण की नीतियां देवी अहिल्याबाई होल्कर से प्रेरित हैं।
संगठन कार्यों में बढ़े सभी की सहभागिता
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने बैठकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों के साथ संपर्क और संवाद बढ़ाने के लिए टिफिन पार्टी अच्छा माध्यम हो सकता है। इस दौरान विचारों का आदान- प्रदान करें तथा कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों से जोडऩे का प्रयास करें। इससे संगठन के कार्यों में सभी की सहभागिता बढ़ेगी।
देवी अहिल्याबाई ने सनातन सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखा
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री श्री शर्मा ने चौरई में देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर संगोष्ठी को किया संबोधित करते हुए कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर ने जीवन में कठिनाइयों के बावजूद सफल नेतृत्व दिया। देवी अहिल्या बाई की सेवा, त्याग, तपस्या, सुशासन, लोक कल्याण और धर्म व अध्यात्म को लेकर किए गए अनुकरणीय कार्यों से हमें प्रेरणा मिलती है। देवी अहिल्याबाई ने हमारी सनातन सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी नेतृत्व कुशलता 300 वर्षों के बाद आज भी प्रासंगिक एवं जीवंत है। कार्यक्रम में सांसद विवेक बंटी साहू, जिला अध्यक्ष शेषराव यादव, जिला प्रभारी संतोष पारीक, विधायक कमलेश शाह, महापौर विक्रम अहाके, पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह, पूर्व विधायक पं. रमेश दुबे, ताराचंद बाबरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश पोफली एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विजय झांझरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना सहित जिला पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।



