प्रीति राजेश डेहरिया ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, महंगे टेस्ट ट्यूब बेबी उपचार का गरीब परिवारों को भी मिले लाभ
Chhindwara, 20 November 2026
छिन्दवाड़ा यशो:- संतान सुख से वंचित दंपतियों के लिए IVF (टेस्ट ट्यूब बेबी) उपचार उम्मीद की एक महत्वपूर्ण किरण है, लेकिन इसकी महंगी प्रक्रिया आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। लंबे समय तक संतान नहीं होने के कारण दंपतियों, विशेषकर महिलाओं को सामाजिक आलोचना, पारिवारिक तानों और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है।
इसी समस्या को देखते हुए श्रीमती प्रीति राजेश डेहरिया ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर IVF उपचार को आयुष्मान भारत योजना में शामिल करने की मांग की है।
डेढ़ से पांच लाख रुपये तक आता है उपचार का खर्च
प्रीति डेहरिया का कहना है कि लंबे समय तक संतान नहीं होने पर अनेक दंपति IVF यानी टेस्ट ट्यूब बेबी तकनीक का सहारा लेते हैं। लेकिन इस उपचार का खर्च लगभग 1.50 लाख से 5 लाख रुपये तक पहुंच जाता है।
आर्थिक रूप से संपन्न परिवार तो इसका उपचार करवा लेते हैं, लेकिन गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना आसान नहीं होता।
वर्तमान में आयुष्मान कार्ड के माध्यम से IVF उपचार का लाभ नहीं मिलने के कारण जरूरतमंद दंपतियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
संतान न होने पर सबसे ज्यादा महिलाओं को झेलने पड़ते हैं ताने
उन्होंने अपने पत्र में सामाजिक समस्या की ओर भी ध्यान आकर्षित किया है। उनका कहना है कि लंबे समय तक संतान नहीं होने पर दंपतियों को तरह-तरह की आलोचनाएं सुननी पड़ती हैं, लेकिन इसका सबसे ज्यादा मानसिक दबाव महिलाओं पर पड़ता है।
परिवार और समाज के ताने कई बार पारिवारिक विवाद और गंभीर मानसिक तनाव का कारण बन जाते हैं। कुछ मामलों में महिलाएं आत्मघाती कदम उठाने तक के लिए मजबूर हो जाती हैं।
आयुष्मान में शामिल हो IVF उपचार
प्रीति राजेश डेहरिया ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि IVF उपचार को आयुष्मान भारत योजना के दायरे में शामिल किया जाए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और निःसंतान दंपति भी इस आधुनिक चिकित्सा सुविधा का लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि निःसंतानता को केवल सामाजिक समस्या के रूप में नहीं, बल्कि चिकित्सा संबंधी चुनौती के रूप में भी समझने की जरूरत है। जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने से उन्हें संतान सुख प्राप्त करने का अवसर मिल सकेगा।
अब देखना होगा कि सरकार निःसंतान दंपतियों की इस मांग पर क्या निर्णय लेती है। IVF उपचार को आयुष्मान योजना में शामिल करने की मांग उन हजारों परिवारों के लिए राहत की उम्मीद बन सकती है, जो आर्थिक अभाव के कारण उपचार नहीं करा पा रहे हैं।