नवविवाहिता की हत्या के बाद पति फरार, दो दिन बाद कुएँ में मिला मृत – बरघाट पुलिस ने दर्ज किए दो मर्ग
दहेज प्रताड़ना और चरित्र संदेह के कारण पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी पति फरारी के बाद कुएँ में मृत मिला; मर्ग दर्ज कर तफ्तीश तेज की।
Seoni 12 December 2025
सिवनी यशो:- बरघाट थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हनी में नवविवाहिता सरस्वती जामरे की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पत्नी की हत्या कर फरार हुआ उसका पति नितेन्द्र उर्फ मिथुन जामरे गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में गाँव के ही एक कुएँ में मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
10 दिसंबर को बरघाट पुलिस को ग्राम कोटवार तामसिंह पाटिल से सूचना मिली कि ग्राम बम्हनी में फगलाल जामरे के खेत की मेड़ के पास एक महिला का शव पड़ा है।
पुलिस मौके पर पहुँची और पहचान सरस्वती पति नितेन्द्र जामरे के रूप में हुई।
मर्ग क्रमांक 76/2025 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मृतिका नवविवाहिता होने के कारण जांच SDOP बरघाट के सुपुर्द की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी पति नितेन्द्र उर्फ मिथुन (26) पत्नी को दहेज को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।
मृतिका गर्भवती थी, जिस पर आरोपी चरित्र संदेह जताता और कहता था कि “यह बच्चा मेरा नहीं है।”
इन्हीं कारणों के चलते आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या की और शव खेत में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 80(1), 103(1), 238(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिवनी सुनील कुमार मेहता और
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी मोहनीश बैस के नेतृत्व में गठित टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी।
इसी दौरान 12 दिसंबर को मृतिका के शव मिलने वाले स्थल से कुछ दूरी पर एक कुएँ में आरोपी पति कुएँ में मृत नितेन्द्र का शव मिला।
पंचायतनामा के बाद पोस्टमार्टम कराया गया है।
पुलिस ने अलग से मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।



