मध्यप्रदेशसिवनी

जीतू पटवारी ने कहा प्रदेश की महिलाएं शराबी, बयान से भड़की भाजपा

जीतू पटवारी के बयान से सियासत में घमासान, भाजपा ने बताया महिला विरोधी मानसिकता

भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन ने भी जताया कड़ा विरोध, कांग्रेस पर साधा निशाना

सिवनी।
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के उस बयान ने प्रदेश की सियासत में तूफ़ान ला दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि “मध्य प्रदेश की महिलाएं सबसे ज्यादा शराब पीती हैं।” उनके इस बयान के बाद भाजपा नेताओं और महिला संगठनों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन का कड़ा विरोध

सिवनी भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने पटवारी के बयान को “महिलाओं का अपमान और कांग्रेस की संकुचित सोच” बताया। उन्होंने कहा कि—
“आज जब महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं, तब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा आधी आबादी को शराब से जोड़ना बेहद निंदनीय है। कांग्रेस हमेशा से महिलाओं को अपमानित करती रही है। कांग्रेस नेतृत्व को तुरंत पटवारी को पद से हटाकर महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए।”

सुधांशु त्रिवेदी का पलटवार

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने पटवारी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि—
“यह बयान न केवल मध्य प्रदेश की महिलाओं का अपमान है, बल्कि कांग्रेस की महिला विरोधी कुत्सित मानसिकता का अशोभनीय उदाहरण है।”

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बयान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि—
“लाड़ली बहनों के लिए हमारी सरकार लगातार काम कर रही है। 33 प्रतिशत आरक्षण देकर पीएम मोदी ने बहनों को सम्मान दिया है। लेकिन कांग्रेस नेता कभी महिलाओं को बोरे में भरकर फेंकने की बात करते हैं, तो अब शराबी कह रहे हैं। यह आधी आबादी का सीधा अपमान है। खासकर हरितालिका तीज जैसे पावन पर्व पर इस तरह का बयान देना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का हमला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा—
“हरितालिका तीज जैसे पावन अवसर पर मातृशक्ति को शराबी कहना केवल महिलाओं ही नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और करोड़ों बहनों की आस्था का घोर अपमान है। कांग्रेस महिलाओं से माफी मांगे और पटवारी को पद से हटाए।”

कांग्रेस का पक्ष

जीतू पटवारी ने बयान में कहा कि “मध्य प्रदेश की महिलाएं सबसे ज्यादा शराब पीती हैं।” उन्होंने इसके लिए प्रदेश सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि “बीजेपी सरकार ने ऐसा माहौल बना दिया है कि प्रदेश में शराब और नशे का कारोबार सबसे ज्यादा बढ़ा है, लेकिन मुख्यमंत्री ने इसे रोकने का कोई प्रयास नहीं किया।”

अपडेट जारी …………..

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!