क्राइममध्यप्रदेशसिवनी

नौकरी का झांसा, कार में खूनखराबा – पति-पत्नी पर हमला, आरोपी ने खुद को भी मार डाला

सिमरिया तिराहे पर वारदात से मची सनसनी, मामला ठगी, धोखे और निजी रंजिश से जुड़ा

Seoni 26 August 2025

सिवनी यशो:-  मंगलवार की शाम सिवनी से जबलपुर रोड पर सिमरिया तिराहे पर उस समय सनसनी फैल गई, जब कार में बैठे युवक ने पति-पत्नी पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया और फिर उसी हथियार से अपना गला रेत लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंगलवार की शाम  लोपा ग्राम निवासी प्रकाश ठाकुर और उनकी पत्नी श्रद्धा कार से लौट रहे थे। उनके साथ तीसरा युवक हर्षित वर्मा (30), निवासी मंगलीपेठ भी मौजूद था।

लाखों की ठगी और विवाद

सूत्रों का कहना है कि हर्षित ने प्रकाश ठाकुर को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये वसूले थे। मंगलवार को वह पति-पत्नी को जबलपुर और कटनी तक घुमाने के बाद यह कहकर वापस लौटा कि नियुक्ति पत्र ईमेल से भेजा जाएगा। वापसी में कार में ही पैसों को लेकर तीखा विवाद हुआ।

कार में वार, सड़क पर खून

वाद-विवाद बढ़ते ही पीछे बैठे हर्षित ने चाकू  से प्रकाश ठाकुर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पत्नी श्रद्धा ने बचाने की कोशिश की तो वह भी घायल हो गईं।

घटना के बाद कार से उतरे हर्षित ने सिवनी की ओर भागते हुए कुछ कदम पर ही उसी चाकू से अपना गला काट लिया और मौके पर ढेर हो गया।

घायल दंपत्ति अस्पताल में

राहगीरों की मदद से घायल दंपत्ति को उनकी ही कार से साईराम अस्पताल पहुंचाया गया। प्रकाश ठाकुर की गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें नागपुर रेफर कर दिया, जबकि श्रद्धा का इलाज सिवनी में जारी है।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में मामला ठगी और रुपयों को लेकर हुए विवाद का सामने आया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।

सड़क पर हुई इस वारदात ने पूरे सिवनी में सनसनी फैला दी है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही इस खूनखराबे की असल तस्वीर साफ हो पाएगी।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!