10 लाख की कार में तस्करी कर ले जाई जा रही थी शराब, आबकारी विभाग ने पकड़ी 1 लाख की खेप
चौरई में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार; गैर-जमानती धाराओं में भेजे गए जेल

छिंदवाड़ा शराब तस्करी – 10 लाख की कार से 1 लाख की शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
Chhinwara 28 May 2026
छिंदवाड़ा यशो:- आबकारी विभाग की चौरई टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब और करीब 10 लाख रुपये कीमत का चार पहिया वाहन जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण के निर्देश तथा सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27-28 मई की दरम्यानी रात चौरई क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त के दौरान यह कार्रवाई की गई।
### संदिग्ध वाहन की तलाशी में मिली शराब
जानकारी के अनुसार चौरई वृत्त प्रभारी श्री राजेश सिंघल को कपुर्धा रोड पर एक संदिग्ध चार पहिया वाहन दिखाई दिया। आबकारी टीम ने वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में विदेशी मदिरा बरामद हुई।
तलाशी के दौरान वाहन से चार पेटी रॉयल स्टैग, दो पेटी ऑफिसर्स चॉइस तथा दो पेटी मैजिक मोमेंट्स वोडका बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख रुपये बताई गई है।
### दो आरोपी गिरफ्तार
वाहन में सवार चौरई निवासी प्रिंस जैन और कामती निवासी अंकित बेलवंशी को मौके से हिरासत में लिया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आबकारी विभाग ने शराब और वाहन दोनों को जब्त कर प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
### टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश सिंघल के नेतृत्व में आरक्षक सचिन श्रीवास्तव एवं भारती मरकाम सहित विभागीय अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



