अमन-चैन और भाईचारे के साथ मनाई गई ईदुल अजहा, ईदगाहों में अदा की गई विशेष नमाज़
नमाज़ के बाद एक-दूसरे को दी मुबारकबाद, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी दिया संदेश

छिंदवाड़ा ईदुल अजहा – अमन-चैन के साथ मनाई गई ईदुल अजहा, ईदगाहों में अदा हुई नमाज़
Chhinwara 28 May 2026
छिंदवाड़ा यशो:- अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन कमेटी छिंदवाड़ा की ओर से जिलेवासियों को ईदुल अजहा (बकरा ईद) की शुभकामनाएं दी गईं। गुरुवार को ईदुल अजहा का पर्व पूरे जिले में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया।
ईदुल अजहा के अवसर पर बड़ी ईदगाह, छोटी ईदगाह, जामा मस्जिद, रिसाला मस्जिद एवं नूरी मस्जिद सहित विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में पूर्व निर्धारित समयानुसार विशेष नमाज़ अदा की गई। नमाज़ के दौरान देश की खुशहाली, सामाजिक सौहार्द, अमन-शांति और मानव कल्याण के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं।
नमाज़ के पश्चात मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। इसके बाद अनेक लोग कब्रिस्तानों में पहुंचकर अपने दिवंगत परिजनों एवं मरहूमीन की मगफिरत और शांति के लिए दुआ करने पहुंचे।
ईदुल अजहा के अवसर पर धार्मिक परंपराओं के अनुसार घरों में कुर्बानी की रस्म अदा की गई। साथ ही स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए वेस्टेज सामग्री को नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराई गई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में एकत्रित किया गया।
अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन कमेटी ने नागरिकों, प्रशासन और नगर निगम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



