निगम-मंडल और प्राधिकरणों के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों एवं सदस्यों की बैठक में संगठन विस्तार और जनसेवा का दिया मंत्र; शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, हेमंत खण्डेलवाल और चंद्रशेखर ने किया संबोधित
भोपाल यशो :- भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को सर्वव्यापी एवं सर्वस्पर्शी बनाने और केंद्र तथा मध्यप्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए सेवा दूत अभियान की तैयारी तेज कर दी है। आगामी 1 से 25 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता विधानसभाओं में प्रवास करेंगे। इस दौरान स्थानीय समस्याओं के निराकरण, पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, युवाओं को संगठन से जोड़ने और विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाने पर जोर रहेगा।

गुरुवार, 19 नवंबर को भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में निगम-मंडल एवं प्राधिकरणों के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों तथा सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक को भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल तथा प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर ने संबोधित किया।
विमर्श की लड़ाई में जनता के बीच पहुंचें कार्यकर्ता : शिवप्रकाश
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश ने कहा कि वर्तमान समय में नैरेटिव यानी विमर्श की लड़ाई महत्वपूर्ण हो गई है। भाजपा संगठन और सरकार जनहित में अनेक कार्य कर रहे हैं, लेकिन विपक्षी दल गलत नैरेटिव बनाकर जनता को भ्रमित करने और समाज में विद्वेष फैलाने का प्रयास करते हैं। ऐसी राष्ट्रविरोधी ताकतों के मंसूबों को सफल नहीं होने देना है। भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज को जागरूक और सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि सेवा दूत अभियान के अंतर्गत एक वरिष्ठ कार्यकर्ता 1 से 25 दिसंबर तक विधानसभाओं में प्रवास करेंगे। इस दौरान स्थानीय समस्याओं के निराकरण के साथ संगठन को मजबूत बनाने और सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सेवा कार्यों को भी जनता तक पहुंचाया जाएगा। संगठन को केवल सर्वव्यापी ही नहीं, बल्कि सर्वस्पर्शी बनाने की दिशा में कार्य करना है।

मध्यप्रदेश रोजगार के सर्वाधिक अवसर उपलब्ध कराने वाला राज्य : डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के बताए चार प्रमुख वर्गों गरीब, युवा, महिला और किसान के आर्थिक कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश वर्तमान में रोजगार के सर्वाधिक अवसर उपलब्ध कराने वाला राज्य है। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश में सेवा दूत अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता प्राप्त करने के लिए समाज में विद्वेष फैलाने सहित तरह-तरह के हथकंडे अपनाती है। दूसरों पर आरोप लगाने वाली कांग्रेस को पहले अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को संगठन से जोड़ने का काम करें।

जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता मानकर निभाएं दायित्व : हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि निगम-मंडल एवं प्राधिकरण प्रदेश सरकार की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास की प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने वाली महत्वपूर्ण संस्थाएं हैं। इनमें दायित्व प्राप्त पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी को महज प्रशासनिक अथवा औपचारिक दायित्व न समझें, बल्कि इसे जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण का महत्वपूर्ण अवसर मानकर कार्य करें।
उन्होंने कहा कि निगम-मंडलों एवं प्राधिकरणों के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों का विकास, जनसमस्याओं का समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए परिणाममूलक प्रयास किए जाने चाहिए। योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा और सतत निगरानी भी आवश्यक है।
श्री खण्डेलवाल ने पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित प्रवास करने, आम नागरिकों से संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही, आपसी समन्वय और कार्यों की गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित किए जाएं। भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर चलकर हर चुनौती का सामना करने के लिए तत्पर रहते हैं। संगठन सभी कार्यकर्ताओं की चिंता करता है और सभी पदाधिकारी संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाएं।

संगठन को सर्वस्पर्शी बनाने में पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका : चंद्रशेखर
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संपूर्ण जीवन सेवा के लिए समर्पित रहा है। उनके सार्वजनिक जीवन एवं सेवा के 25 वर्षों के कार्यों और केंद्र तथा प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को सर्वव्यापी एवं सर्वस्पर्शी संगठन बनाने में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। निगम-मंडलों एवं प्राधिकरणों में दायित्व प्राप्त पदाधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में सामाजिक संगठनों, प्रबुद्धजनों और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से निरंतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करें। संगठन का विस्तार केवल सदस्यता और गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग से संपर्क और सहभागिता भी जरूरी है।
श्री चंद्रशेखर ने आगामी 1 से 25 दिसंबर तक आयोजित होने वाले सेवा दूत अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान करते हुए स्वच्छता, पौधारोपण, नशामुक्ति और अन्य सेवा गतिविधियों को गति देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी राष्ट्र प्रथम और विकसित भारत के संकल्प को केंद्र में रखकर जनसेवा, सामाजिक समरसता तथा संगठनात्मक मजबूती के लिए समर्पित भाव से कार्य करें।
बैठक में निगम-मंडल एवं प्राधिकरणों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यगण उपस्थित रहे।